समाजवादी पार्टी (सपा) का नौ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल सोमवार, 16 फरवरी को देवरिया जिले के मुड़ाडीह गांव पहुंचेगा। यह प्रतिनिधिमंडल दिवंगत अजय गोंड के परिजनों से मुलाकात करेगा और घटनाक्रम की जानकारी जुटाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित इस दल का नेतृत्व बस्ती के सांसद राम प्रसाद चौधरी करेंगे। अजय गोंड बस्ती जनपद के थाना परशुरामपुर में एस एस आई के पद पर तैनात थे। उनकी मृत्यु संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी, जिसके बाद परिवार और समाज में शोक व आक्रोश है। समाजवादी पार्टी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और वास्तविक स्थिति जानने के लिए नौ सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल भेजने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव, सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर, सुल्तानपुर सांसद रामभुआल निषाद, समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व्यास गोंड, समाजवादी बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रवि गोंड ‘बड़कू’, अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू सिंह और आफताब आलम जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचकर परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत करेगा। इसका उद्देश्य घटना से जुड़े तथ्यों को समझना और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करना है। साथ ही, दल प्रशासनिक कार्रवाई और जांच की स्थिति का आकलन भी करेगा। इसके बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश कार्यालय को सौंपी जाएगी।