महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर राजधानी लखनऊ में भक्ति और उल्लास का संगम देखने को मिला। गोमती नगर स्थित श्री शक्तेश्वर महादेव मंदिर में विशाल महाशिवरात्रि महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महोत्सव के तहत भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। भजन संध्या में शिव भक्ति के गीतों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु देर रात तक भक्ति रस में डूबे रहे। इसके बाद आयोजित भंडारे में सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को जोड़ने का माध्यम इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की भी सक्रिय भागीदारी रही। भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल के पूर्व उपनेता एवं नगर निगम लखनऊ से जुड़े राम कृष्ण यादव ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व समाज में एकता, श्रद्धा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देता है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को जोड़ने और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं। कार्यक्रम में पार्षद मालती यादव और इन्द्रपाल यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महाशिवरात्रि महोत्सव को भव्य रूप से मनाया गया, जिसमें स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।