CSJMU में चार दिवसीय नाट्य समारोह का आगाज:’तुम्हें कौन सा रंग पसंद है’ नाटक से हुई शुरुआत

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (CSJMU) के UIET हॉल में सोमवार से चार दिवसीय ‘सम्भागीय नाट्य समारोह’ का शानदार आगाज हुआ। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी (लखनऊ) और विश्वविद्यालय की ‘स्वामी हरिदास संगीत एवं नाट्य अकादमी’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह महोत्सव कला और संस्कृति का संगम बना। समारोह के पहले दिन पाली भूपिंदर सिंह द्वारा लिखित और प्रवीण कुमार अरोड़ा द्वारा निर्देशित नाटक ‘तुम्हें कौन सा रंग पसंद है’ का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी जीवंत प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि अश्वनी कांत श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि रतन राठौर और प्रति-कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने दीप प्रज्वलित कर की।
प्रति-कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने कहा कि इस तरह की कार्यशालाओं से कैंपस में चल रहे फिल्म मेकिंग कोर्स की गुणवत्ता में सुधार होगा। उन्होंने कानपुर के बढ़ते गौरव का जिक्र करते हुए कहा, “बिग बॉस के विजेता भी कानपुर से हैं, अब हमें स्क्रिप्ट लेखन में अपनी भूमिका बढ़ानी होगी। यह आयोजन युवा पीढ़ी को हमारी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का एक सेतु है।”
कार्यक्रम का संचालन कांची त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर स्वामी हरिदास नाट्य अकादमी के निदेशक डॉ. राज कुमार त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश संगीत नाट्य अकादमी के निदेशक डॉ. शोभित कुमार नाहर, कार्यक्रम समन्वयक प्रशांत यादव, डॉ. मीत कमल और सुंदरम मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कला प्रेमी मौजूद रहे।