संतकबीरनगर जिले में मंगलवार को एक किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के जोरवा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। सूचना मिलने पर जीआरपी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गौरापार निवासी 50 वर्षीय अरविंद गौड़ के रूप में हुई है। उनके भाई रविंद्र गौड़ ने बताया कि अरविंद मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे घर से निकले थे। जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। बाद में खलीलाबाद स्थित जीआरपी चौकी पर एक फोटो देखकर शव की पहचान अरविंद गौड़ के तौर पर की गई। अरविंद गौड़ अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे, और सभी भाई अलग-अलग रहते हैं। उनके चार बेटे हैं, जिनमें सबसे बड़े विनय गौड़ बीटेक करने के बाद पुणे में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। अन्य बेटे विवेक, अनुज और सचिन अभी पढ़ाई कर रहे हैं। घटना के बाद उनकी पत्नी संतोषी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मझले बेटे विवेक ने बताया कि उनके पिता पिछले एक सप्ताह से गुमसुम रहते थे, लेकिन उन्होंने किसी से अपनी परेशानी साझा नहीं की थी। इस दुखद घटना से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजन और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं। इस संबंध में कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने जानकारी दी कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।