गाजियाबाद में मजार तोड़ी, मलबा फेंका:बिहारी नगर में दो महीना पुरानी घटना का VIDEO सामने आया, एक अरेसस्ट

कोतवाली क्षेत्र के बिहारीनगर इलाके में एक मजार तोड़े जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का लगभग एक मिनट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पांच-छह युवक हथौड़े से मजार तोड़ते और मलबा एक ठेला रिक्शा में भरते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। एसएचओ कोतवाली के अनुसार, यह वीडियो नवयुग मार्केट के पास स्थित बिहारी नगर कॉलोनी की मजार को तोड़ते हुए दिखा रहा है। पुलिस की जांच में सामने आया कि यह वीडियो लगभग दो महीने पुराना है। वीडियो के आधार पर एक युवक की पहचान आदर्श दूबे के रूप में हुई है। पुलिस ने आदर्श दूबे के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। हालांकि, उसके अन्य साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन वहां कोई मलबा नहीं मिला। स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बताया कि उस स्थान पर पहले एक मजार थी, लेकिन कुछ समय से वह मौजूद नहीं है। यह जानकारी घटना के पुराने होने की पुष्टि करती है। एसएचओ कोतवाली ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। फरार आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस वायरल वीडियो की भी गहनता से जांच कर रही है ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।