बागपत में महिला का नग्न शव मिला:पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट के निशान, कैंडल मार्च निकालकर खुलासे की मांग

बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के टटीरी-सूरजपुर महनवा मार्ग पर एक सप्ताह पूर्व एक महिला का नग्न अवस्था में शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए थे। इसके बाद से ही मामले के खुलासे की लगातार मांग की जा रही है। मामले की जांच के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है और 10 से अधिक लोगों से पूछताछ की है। हालांकि, अभी तक कोई ठोस सबूत नहीं मिल पाया है।
घटना के विरोध में आज बागपत में अलग-अलग स्थानों पर कैंडल जलाकर नाराजगी जाहिर की गई। लोगों ने घटना के जल्द खुलासे की मांग की। पूरनपुर नवादा और बाछोड़ गांव सहित कई स्थानों पर लोगों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कैंडल जलाकर महिला को श्रद्धांजलि दी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ऐसी घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और मामले का जल्द से जल्द खुलासा हो। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि घटना का जल्द ही सफल अनावरण किया जाएगा।