सोनभद्र में ससुराल आए युवक ने फांसी लगाई:अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था, पुलिस जांच में जुटी

अनपरा थाना क्षेत्र के बिरनबहरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब अपने ससुराल में अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने आए एक युवक का शव निर्माणाधीन मकान में बल्ली से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकता मिला। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है, हालांकि परिजनों के आने तक शव को मोर्चरी मे रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के 24 वर्षीय नन्हू अहिरवार अनपरा थाना के बिरनबहरा गांव में आयोजित अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने ससुराल आया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह अपने गांव लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच अज्ञात कारणों से युवक सुबह निर्माणाधीन मकान में गया, जहां पशु बांधने वाली नायलॉन रस्सी का फंदा बनाकर बल्ली से लटककर आत्महत्या कर ली। जब ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे फंदे से लटकता देखा तो तत्काल फंदा काटकर नीचे उतारा, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने उनके पहुंचने तक पोस्टमार्टम न कराने की बात कही है। इस संबंध में अनपरा थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है तथा परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। उनके पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि मृतक की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी ढाई साल की एक मासूम बच्ची भी है। घटना के बाद से परिजनों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।