बलिया में किन्नर हत्याकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार:पोस्टमार्टम के बाद शव को किया गया सुपुर्दे खाक

बलिया में बहुचर्चित किन्नर रेखा हत्याकांड मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों को संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया। उधर, मृतक रेखा किन्नर के शव का पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार शाम उसके खरीदे गए प्लॉट में सुपुर्दे खाक किया गया। यह घटना बलिया जनपद के बैरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीगंज बाजार सब्जी मंडी के पास गुरुवार सुबह सामने आई, जब एक ही घर से दो शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। मृतकों में घर के युवक रवि गुप्ता का शव फंदे से झूलता मिला, जबकि तीन दिन से लापता किन्नर रेखा का शव घर की चौथी मंजिल पर करकट शेड में पॉलिथीन में लिपटा हुआ मिला। किन्नर रेखा पिछले तीन दिनों से लापता थी। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में वह रवि गुप्ता के घर जाते हुए दिखाई दी थी, लेकिन वापस निकलते हुए नहीं दिखी। इसी आधार पर पुलिस ने बुधवार को रवि गुप्ता और उसके पिता विजय गुप्ता से लंबी पूछताछ की थी, हालांकि उस समय कोई ठोस खुलासा नहीं हो सका था। बुधवार रात भोजन करने के बाद रवि गुप्ता तीसरी मंजिल पर सोने चला गया था। गुरुवार सुबह जब उसकी पत्नी उसे जगाने पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला था और रवि गुप्ता रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर तीन दिनों से लापता किन्नर रेखा का शव सबसे ऊपरी मंजिल पर पॉलिथीन में लिपटा हुआ पाया गया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद सिंह की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विजय कुमार गुप्ता (पुत्र स्व. परशुराम प्रसाद), मोना कुमारी (पत्नी रवि गुप्ता) और रीता देवी (पत्नी स्व. अशोक गुप्ता) शामिल हैं। ये सभी देवकी छपरा, थाना बैरिया, जनपद बलिया के निवासी हैं। पुलिस ने दोपहर लगभग 2 बजे इन्हें हिरासत में लिया और नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायालय रवाना किया।