‘सरकार भर्तियों पर रोक लगाकर युवाओं से कर रही खिलवाड़’:अयोध्या में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले-कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करना अधिकारों का हनन

विधानसभा घेराव के दौरान हुए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को कांग्रेसियों ने अयोध्या में धरना दिया। उन्होंने सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया। इसकी अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेतनारायण सिंह ने की जबकि संचालन जिला प्रवक्ता शीतला पाठक ने किया। चेतनारायण सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने आजादी की लड़ाई से लेकर गरीबों और युवाओं के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया है। वर्तमान सरकार मनरेगा जैसी योजनाओं को कमजोर कर रही है और सरकारी नौकरियों में भर्तियां रोककर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्णा गौतम ने कहा कि लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनकल्याणकारी योजनाओं पर रोक और दमनात्मक कार्रवाई जारी रही तो पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन तेज करेगी। धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी,कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।