लखनऊ में मंदिर में चोरी करने वाला गिरफ्तार:तांबे का नाग और पीतल की गदा चुराई थी, CCTV फुटेज से पकड़ाया

लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में मंदिर में चोरी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रात के समय मंदिर से कीमती सामान लेकर चला गया था। पुजारी की शिकायत पर पुलिस की दो टीमें आरोपी की तलाश में लगी थी। अन्य घटनाओं की जांच कर रही है। वीआईपी रोड तिलकेश्वर महादेव मंदिर का निवासी अमोल बाजपेई श्रीतिलकेश्वर महादेव मंदिर में सेवादर हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार-मंगलवार की रात 12 बजे से 1 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति मंदिर में घुसा और मंदिर में शिवलिंग में स्थापित तांबे के नाग देवता, परशुरामजी का स्टील का फरसा, हनुमानजी की प्रतिमा की पीतल की गदा और 5 तांबे के लोटे लेकर चला गया। इसके बाद कृष्णानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में इंस्पेक्टर कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि घटना को गंभीरता को देखते हुए 2 टीमें गठित की गई। जिनकी ओर से CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना पर गुरुवार को बैकुण्ठ धाम वीआईपी रोड से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान विकास खण्ड हिलौली थाना मौरावां उन्नाव निवासी अजय कुमार गौतम (24) के रूप में हुई। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में तिलकेश्वर महादेव मंदिर से चोरी करने की घटना स्वीकार किया।