झांसी में साली की शादी में जीजा का सुसाइड:विदाई से पहले फंदे पर झूला, शादी की खुशियां मातम में बदली

झांसी में साली की शादी में आए जीजा ने सुसाइड कर लिया। मैरिज गार्डन में विदाई होती, उससे पहले ही वो घर के लिए निकल पड़ा। मां को घर भेज दिया और वो बाइक उठाने के बहाने ससुराल चला गया। वहां पर कमरे के अंदर फांसी लगा ली। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। जीजा के सुसाइड से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पूरा मामला टोड़ी फतेहपुर कस्बे का है। पत्नी के साथ ससुराल आया था मृतक का नाम राहुल पाठक (30) पुत्र रामकुमार पाठक था। वह बबीना कैंट का रहने वाला था। परिजनों ने बताया कि राहुल की शादी टोड़ी फतेहपुर के मोहल्ला फतेहपुर निवासी सोनम से हुई थी। उनकी दो साल की एक बेटी है। मृतक के भाई ध्रुव पाठक ने बताया- मेरे भाई राहुल की साली सोनाली की 19 फरवरी को शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए राहुल ससुराल आया था। शादी चिरगांव के एक मैरिज गार्डन से हुई। राहुल के ससुर विनोद भूमिया का निधन हो चुका है। उसके कोई साला भी नहीं था। ऐसे में राहुल ही शादी की जिम्मेदारी निभा रहा था। शुक्रवार सुबह साली की विदाई से पहले राहुल अपनी मां के साथ घर के लिए रवाना हो गया। उसने मां को ड्राइवर से घर पहुंचा दिया। जबकि बाइक उठाने के बहाने भाई ससुराल चला गया। पुलिस ने गेट तोड़कर शव निकाला ससुराल के सभी लोग शादी समारोह में थे। ऐसे में उन्होंने यहां घर की देखरेख के लिए मुलु प्रजापति को छोड़ दिया था। राहुल ने मुलु को भी घर से जाने के लिए कह दिया। कुछ समय बाद जब मुलु वापस लौटा तो मकान का लोहे का फाटक अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। आशंका होने पर उसने पुलिस और मोहल्ले के लोगों को सूचना दी। थानाध्यक्ष संजीव कुमार कटियार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घर का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो राहुल का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य इकट्ठे किए हैं। हत्या का आरोप लगाया मृतक के भाई ध्रुव पाठक और चाचा आनंद पाठक ने बताया- हम लोगों के पास ससुराल से फोन आया कि राहुल ने फांसी लगाई है। वो फांसी नहीं लगा सकता। हमें लगता है कि राहुल की हत्या की गई है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। ताकि पता चल सके कि मौत की वजह क्या है? वहीं, राहुल के चचेरे साले विवेक ने बताया कि जीजा ने फांसी लगाई है। पुलिस ने ही गेट तोड़कर शव को निकाला है। सुसाइड के कारण क्या हैं, अभी पता नहीं चल पाया है। ……………