मुरादाबाद में कक्षा 9 के एक छात्र ने घर के भीतर फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। छात्र पढ़ने में कमजोर था और उसे फोन पर रील्स देखने की लत लगी थी। परिजन उसे पढ़ने के लिए टोकते थे। पढ़ाई में कमजोर होने की वजह से साथी स्टूडेंट्स भी उसे अक्सर चिढ़ाते थे। मुरादाबाद में मूंढापांडे सामुदायिक केंद्र में तैनात फार्मेसिस्ट के कुलदीप भारती अस्पताल परिसर में ही बने आवास में फैमिली के साथ रहते हैं। कुलदीप भारती मूल रूप से उत्तराखंड के ऋषिकेश के रहने वाले हैं। परिवार में पत्नी अनीता के अलावा 3 बेटे हैं। बड़ा बेटा जय सिंह इंजीनियर है और औरय्या में रहकर नौकरी करता है।
छोटा बेटा पांचवीं का छात्र है। जबकि मझला बेटा यश रामपुर के सेंट पॉल स्कूल में 9वीं में पढ्ता था। परिजनों का कहना है कि यश का पढ़ाई में मन नहीं लगता था। स्कूल से आने के बाद वो ज्यादातर वक्त मोबाइल फोन में रील्स देखने में लगा रहता था। इसे लेकर परिवार उससे टोकाटाकी भी करता था।
शुक्रवार को शाम करीब 6 बजे मां अनीता देवी छोटे बेटे को ट्यूशन छोड़ने गई थीं। जब वहां से वापस लौटीं तो देखा कि यश घर में फंदे पर लटका हुआ था। बेटे को फंदे पर लटका देख मां की चीख निकल पड़ी। तुरंत आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया। लेकिन तब तक यश की मौत हो चुकी थी। परिवार ने किसी तरह की पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया।