सीतापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से दो की मौत:तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, वाहन चालक फरार

सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां महमूदाबाद–बिसवां मार्ग पर ग्राम मौचकला के पास रात करीब 9:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मृतकों की पहचान राजेंद्र वर्मा (55) पुत्र अवध राम और जयपाल वर्मा (45) पुत्र मायाराम, निवासी ग्राम छठवान जहांगीराबाद, थाना सदरपुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर तिलक समारोह से वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बिसवां कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसवां भिजवाया। इसके बाद मृतकों के परिजनों को सूचना दी गई, जिनके पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के मार्गों और संभावित सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।