हाथरस में ट्रैक्टर-ट्रॉली की कार से टक्कर, युवक की मौत:सादाबाद-मथुरा मार्ग पर हुआ हादसा; साथी घायल, चालक मौके से फरार

हाथरस के सादाबाद-मथुरा मार्ग पर शनिवार रात करीब 8:30 बजे डीसी पब्लिक स्कूल के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में बोलेरो चला रहे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठा दूसरा युवक मामूली रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार तसींगा पंचायत के गांव गढ़ निवासी 22 वर्षीय चिराग उर्फ राहुल पुत्र हरिशंकर अपने गांव के ही शंकर पुत्र सतपाल के साथ सादाबाद की ओर आ रहे थे। जैसे ही उनकी बोलेरो डीसी पब्लिक स्कूल के सामने पहुंची, सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चला रहे राहुल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, साइड सीट पर बैठे शंकर को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने राहुल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश कर रही है, जो घटना के बाद फरार हो गया था।