मिर्जापुर पुलिस सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करने वाले एक युवक की तलाश कर रही है। युवक की पहचान कछवा डीह निवासी सुखराज के पुत्र आकाश के रूप में हुई है। आकाश पर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कई आपत्तिजनक वीडियो साझा करने का आरोप है। इन वीडियो में आकाश ने कथित तौर पर पीएम, सीएम और पुलिस विभाग और ब्राह्मण समाज के खिलाफ अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। कुछ वीडियो में वह प्रशासन और पुलिस को अपने गांव में आने की चुनौती भी देता हुआ दिखाई दे रहा है। आकाश ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (कोटे की दुकान) से मिलने वाले राशन पर भी टिप्पणी की है। उसने पूर्ववर्ती सरकार के दौरान मिली सुविधाओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाए हैं और सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ भी अपशब्दों का प्रयोग किया है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने इन वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए इन वीडियो की सत्यता, उनके समय और प्रसार की पुष्टि की जा रही है। प्राथमिक जांच में यदि भड़काऊ भाषण, धमकी या सामाजिक वैमनस्य फैलाने से संबंधित धाराएं लागू होती हैं, तो आकाश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस और प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री को साझा न करें। अधिकारियों ने कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया है। कछवा कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज रविंद्र कुमार ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आने पर आरोपी के खिलाफ शांति भंग की आशंका में कानूनी कार्रवाई की गई है।