एक्टर संजय दत्त ने सीएम योगी से लखनऊ में उनके आवास पर रविवार को मुलाकात की। संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा लखनऊ में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। आपके आशीर्वाद और सकारात्मक विचारों के आदान-प्रदान के लिए हार्दिक धन्यवाद। संजय दत्त सरोजनीनगर के विधायक राजेश्वर सिंह के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उन्होंने युवाओं से मुंबइया स्टाइल में कहा- ओए मामू, बात सुन। जित्ते भी मामू यहां खड़ेला हैं न? सब बात सुनने का। जिंदगी में दो काम करने का। एक- पौधा लगाने का, दूसरा- पानी बचाने का। अगर ये नहीं किया तो.. नहीं किया तो.. खुद की वॉट लगाने का। लखनऊ के आशियाना के बंगला बाजार में संजय दत्त ने पर्यावरण प्रेमियों को सम्मानित किया। इसके लिए नेट जीरो कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले संजय दत्त ने रविवार को 1 किलोमीटर का रोड शो किया। अखिलेश गंभीर नहीं, सुर्खियां बटोरना चाहते हैं- डिप्टी CM को ऑफर देने पर पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख को दिया जवाब 100 विधायक लाइए, मुख्यमंत्री बन जाइए… अखिलेश यादव द्वारा डिप्टी CM को दिए गए ऑफर पर यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पलटवार किया है। चौधरी ने कहा, यह बयान विपक्ष की हताशा, निराशा और राजनीतिक दिवालियापन को दर्शाता है। समाजवादी पार्टी के नेताओं को अपनी पार्टी की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए, जहां लगातार जनाधार घट रहा है और संगठन कमजोर होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा में अनुशासन, संगठन और नेतृत्व की स्पष्ट व्यवस्था है, जबकि सपा में केवल परिवारवाद और अंतर्कलह ही दिखाई देता है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा, जनता ने पूर्ण बहुमत देकर भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जनसेवा के लिए चुना है। भाजपा सरकार विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ काम कर रही है। विपक्ष के पास जनहित के मुद्दे नहीं बचे हैं, इसलिए वह इस तरह के अगंभीर और राजनीतिक रूप से अपरिपक्व बयान देकर सुर्खियां बटोरने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के मुखिया को यह समझना चाहिए कि उत्तर प्रदेश की जनता अब विकास और सुशासन की राजनीति को ही स्वीकार करती है। भाजपा सरकार के कार्यों से प्रदेश में निवेश, रोजगार, आधारभूत संरचना और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं, जिससे विपक्ष की जमीन खिसक चुकी है। चौधरी ने कहा कि विपक्ष के नेता ऐसे बयान देने के बजाय जनता के मुद्दों पर सकारात्मक और रचनात्मक राजनीति करें। भारतीय जनता पार्टी पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ प्रदेश की 25े करोड़ जनता की सेवा में समर्पित है और विपक्ष के इस तरह के बयान भाजपा के संकल्प और जनसमर्थन को कमजोर नहीं कर सकते। AI समिट में हुए प्रदर्शन के बाद एक्शन, ललितपुर से यूथ कांग्रेस महासचिव को उठाया दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल टीम ने युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ऋतिक शुक्ला उर्फ मोंटी शुक्ला को ललितपुर से हिरासत में लिया है। उन्हें दिल्ली में भारत मंडपम में आयोजित AI समिट में हुए विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में पकड़ा गया है। पुलिस सोमवार सुबह उन्हें पटियाला कोर्ट में पेश करेगी। मोंटी शुक्ला के परिजन भी दिल्ली पहुंच गए हैं। उनके छोटे भाई ऋषभ शुक्ला ने बताया कि मोंटी 16 फरवरी को दिल्ली गए थे और 17 फरवरी को वापस आ गए थे। ऋषभ के अनुसार, जिस दिन AI समिट में प्रदर्शन हुआ, उस दिन मोंटी दिल्ली में नहीं थे। वह अपने परिवार के साथ मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में एक शादी समारोह में शामिल थे। पूरी खबर पढ़ें
महोबा में ट्रैक्टर से 26 लाख की सड़क उखड़वाई, ग्रामीणों ने की थी शिकायत
महोबा में ननौरा-उरवारा मार्ग को प्रशासन ने ट्रैक्टर चलाकर उखाड़ दिया। करीब 50 मीटर सड़क को ध्वस्त कर दिया गया। 3 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा था। ग्रामीणों ने सड़क का एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। जिसके बाद जांच के लिए पहुंची टीम ने एक्शन लिया। मंडी समिति के माध्यम से करीब 26 लाख रुपए की लागत से इस सड़क का निर्माण हो रहा था। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…
प्रयागराज में चलती ट्रेन में प्रेग्नेंट महिला पर चाकू से हमला, खून से लथपथ 7 घंटे तक तड़पती रही प्रयागराज में चलती ट्रेन में एक प्रेग्नेंट महिला पर चाकू से हमला किया गया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में वार किया गया। लात-घूंसे भी बरसाए गए। प्रेग्नेंट महिला की चप्पल किसी महिला ने पहन लिया था। इसका विरोध करने पर महिलाओं ने चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह लहूलुहान हो गई। खून से लथपथ हाल में करीब 7 घंटे तक वह तड़पते हुए सफर करती रही। प्रयागराज पहुंचने तक हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पति दो दिन से बेटे को लेकर भटक रहा, लेकिन FIR नहीं दर्ज की गई। पीड़ित महिला 23 साल की आसमा है जो रानीगंज प्रतापगढ़ की रहने वाली है। अपने पति हमीद के साथ मुंबई से साकेत एक्सप्रेस से प्रयागराज आ रही थी। उसे डफरिन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। पढ़ें पूरी खबर…
ब्रजेश पाठक ने पंकज चौधरी से की मुलाकात, अटलजी पर लिखी किताब दी, जिस पर 3 ब्राह्मण नेताओं की तस्वीर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से मुलाकात की। लखनऊ में बटुकों की पूजा और बटुकों की चोटी खींचने को पाप बताने के बाद यह पंकज चौधरी से उनकी पहली मुलाकात है। पाठक ने चौधरी को अपनी लिखी ‘अतुल्यनीय अटल’ पुस्तक भेंट की। इसके कवर में 3 ब्राह्मण नेताओं की तस्वीर है। अटलजी के अलावा श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय हैं। पाठक यूपी में इन दिनों ब्राह्मण समाज में सर्वमान्य नेता की छवि बनाने में जुटे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पाठक और चौधरी के बीच यूपी में हालिया हुई राजनीतिक घटनाओं पर बात हुई। दरअसल, यूपी में ब्राह्मण विधायकों ने पार्टी लाइन से अलग बैठक की थी। इस पर पंकज चौधरी ने सख्त कार्रवाई की धमकी दी थी। इसके बाद शंकराचार्य विवाद और फिर यूजीसी के नए नियम। सियासी गलियारों में चर्चा है कि यूपी में ब्राह्मण समाज भाजपा से नाराज हैं।
गोरखपुर में अपर नगर आयुक्त की कार डिवाइडर से टकराई, बाल-बाल बचे गोरखपुर में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अतुल कुमार की कार का रविवार को एक्सीडेंट हो गया। बताया जा रहा है कि रास्ते में दो सांड आपस में लड़ रहे थे। उन्हें बचाने के चक्कर में कार डिवाडर से टकरा गई। सीट बेल्ट लगाने और एयर बैग खुलने के कारण ड्राइवर और अपर नगर आयुक्त हादसे में बाल-बाल बच गए। ड्राइवर और अपर नगर आयुक्त पूरी तरह से सुरक्षित हैं। हादसा रविवार को शेर सिंह ढाबा के पास हुआ। यहां पढ़ें पूरी खबर सहारनपुर में जंगल में मिली महिला की लाश, पशुओं के चारा लाने गई थी सहारनपुर में एक महिला की लाश जंगल में मिली है। वह रविवार को जंगल में पशुओं के लिए चारा लाने गई थी। रात तक वापस नहीं लौटी तो परिजन ने तलाश शुरू की। घर से करीब एक किलोमीटर दूर तक उसकी डेडबॉडी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना थाना बेहट क्षेत्र के पूजने में हुई है। यहां पढ़ें पूरी खबर