गुलाल से ज्यादा बच्चों की मुस्कानें बिखरीं:लखनऊ के चेतना संस्थान में विशेष बच्चों ने मनाई होली

लखनऊ के अलीगंज स्थित चेतना संस्थान में इस बार होली का त्योहार खास अंदाज में मनाया गया। यहां गुलाल से ज्यादा बच्चों की मुस्कानें बिखरीं और ढोल-नगाड़ों से ज्यादा तालियां गूंजीं। विशेष बच्चों की अग्रणी संस्था चेतना संस्थान में होली मेले का आयोजन किया गया, जिसमें उमंग, उत्साह और आत्मनिर्भरता के रंग एक साथ देखने को मिले। मेले का मुख्य आकर्षण विशेष बच्चों द्वारा तैयार किए गए हर्बल गुलाल और फेस पैक थे। प्राकृतिक रंगों से बने इन उत्पादों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और बच्चों की आत्मनिर्भरता को भी प्रदर्शित किया। आगंतुकों ने इन उत्पादों की खरीदारी कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। मेले में कपड़ों, ज्वेलरी और बेकरी उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए थे, जिन्हें बाहरी प्रतिभागियों और आगंतुकों ने सजाया। बच्चों ने लोक गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए फूलों और हर्बल गुलाल से खेली गई होली ने पूरे परिसर को रंगीन बना दिया। बच्चों ने लोकप्रिय गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। उनके थिरकते कदमों और तालियों की गड़गड़ाहट ने सभी के चेहरों पर खुशी ला दी।कार्यक्रम में मानवाधिकार जनसेवा परिषद के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा अपनी पत्नी रेखा शर्मा के साथ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। संस्था के सचिव दिनेश प्रताप सिंह ने भी बच्चों को उपहार भेंट कर उनका मनोबल बढ़ाया।इस आयोजन को सफल बनाने में वोकेशनल इंचार्ज निरूपमा सिंह, सहयोगी प्रियंका तिवारी और समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जैन लेडीज़ क्लब की अध्यक्षा मनीषा जैन के विशेष सहयोग और प्रभावी संचालन ने कार्यक्रम को यादगार बनाया।