शाहजहांपुर में हाईस्कूल की दो छात्राओं से छेड़छाड़:स्कूल और कोचिंग आते-जाते समय युवक करता है परेशान

शाहजहांपुर में हाईस्कूल की दो छात्राओं से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। छात्राओं के परिजनों ने चौक कोतवाली में एक युवक खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। चौक कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले के निवासी ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी को स्कूल और कोचिंग आते-जाते समय एक युवक रोकता था और उस पर फब्तियां कसता था। बेटी ने पढ़ाई रुकने के डर से यह बात घर पर नहीं बताई थी। सोमवार को जब बेटी परीक्षा देने जा रही थी, तभी युवक ने उसे रास्ते में रोककर छेड़छाड़ की। बेटी किसी तरह हाथ छुड़ाकर भागी और घर आकर पूरी घटना परिजनों को बताई। परिजनों को आशंका है कि इस घटना के कारण बेटी की पढ़ाई रुक सकती है। एक अन्य व्यक्ति ने तहरीर में बताया कि उनकी 16 वर्षीय बेटी परीक्षा देकर लौट रही थी। उसी युवक ने कई बार उसे घेरने की कोशिश की थी। इस बार आरोपी ने उसे पकड़कर छेड़छाड़ की। राहगीरों के आ जाने से आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। आरोपियों ने छात्राओं को धमकी दी कि यदि वे उनके बताए पते पर नहीं आईं, तो उन्हें और उनके पिता को जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने दोनों मामलों की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।