बरेली में पत्नी ने अपनी बेटी के साथ मिलकर बेलदार पति की हत्या कर दी। पत्नी ने शराब पीने का विरोध किया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। उसे जान से मारने का प्रयास किया। तभी पत्नी ने लोहे की फुकनी से उस पर हमला कर दिया। इसके बाद मां को बचाने बेटी पहुंची। उसने अपने पिता पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस पर वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद मां-बेटी ने पीट-पीटकर उसको मार डाला। पुलिस ने आरोपी मां-बेटी को अरेस्ट कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के पति के शरीर पर सिर से लेकर पैर तक कुल 18 चोटों के निशान मिले। शराब पीकर घर आया, पत्नी को देने लगा गालियां इज्जतनगर थाना क्षेत्र के छोटी विहार निवासी बालकराम पेशे से बेलदार थे। वह पत्नी रेखा और बच्चों के साथ रहते थे। दोनों की शादी के 25 साल हो गए थे। 22 फरवरी की दोपहर करीब 3:00 बजे बालकराम नशे में घर पहुंचा। उस समय उसकी पत्नी रेखा और बेटी पिंकी छत पर बैठी थीं। बालकराम गाली-गलौज करता हुआ छत पर पहुंचा। गालियां सुनकर मां-बेटी नीचे आ गईं। बालकराम भी नीचे आ गया। उसने पत्नी के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
रेखा ने पुलिस को बताया कि बालकराम ने उसे जमकर पीटा। उसकी जान लेने की कोशिश की। फिर मैंने फुकनी से वार कर दिया। फिर मेरी बेटी पिंकी मुझे बचाने आ गई। उसने लाठी-डंडे से बालकराम पर हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में 18 जगह चोटों के निशान घटना की सूचना मिलते ही इज्जतनगर थाना प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बालकराम के पांच बच्चे हैं। दो लड़के और तीन लड़कियां शामिल हैं। इनमें से बड़ी बेटी पिंकी शादीशुदा है। उसके 4 बच्चे हैं। पिंकी का सबसे छोटा बेटा महज 5 महीने का है। परिवार में अब 30 वर्षीय शादीशुदा बेटा अजय, 20 वर्षीय शादीशुदा बेटी शिवानी, 15 वर्षीय चांदनी और 12 वर्षीय विकास हैं। जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मां रेखा और बेटी पिंकी को अरेस्ट कर लिया।