गोरखपुर में अब आसान हुआ कैंसर का इलाज:आयुष्मान कार्ड से मिलेंगे राहत, पूर्वी यूपी व बिहार के लोगों को मिलेगा फायदा

गोरखपुर के रिजेंसी हॉस्पिटल में पहली बार विश्वस्तरीय और समग्र कैंसर इलाज की सुविधा शुरू कर रहा है। अस्पताल का दावा है कि गोरखपुर क्षेत्र में यह एकमात्र केंद्र है, जहाँ कैंसर की जांच से लेकर इलाज तक की सभी सुविधाएँ एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं। अस्पताल में कैंसर की पूरी जांच, रेडिएशन थेरेपी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, न्यूक्लियर मेडिसिन इमेजिंग और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी सेवाएँ दी जा रही हैं। यहाँ 24 घंटे ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञों की टीम उपलब्ध रहती है। ऑन्कोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. जी. मेहर कुमार ने बताया कि भारत में कैंसर के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम की रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश में देश के लगभग 14.4 प्रतिशत कैंसर मरीज हैं। वाराणसी और गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिले हाई रिस्क क्षेत्र में शामिल हैं। अस्पताल में गायनेकोलॉजिकल, यूरो और गैस्ट्रो कैंसर सर्जरी की उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध हैं। PET-CT और गामा कैमरा जैसी आधुनिक जांच मशीनों के साथ LINAC आधारित रेडिएशन थेरेपी की सुविधा भी दी जा रही है। कीमोथेरेपी के लिए अलग से समर्पित यूनिट बनाई गई है। अस्पताल की टीम में सर्जिकल, प्लास्टिक, रेडिएशन, न्यूक्लियर मेडिसिन, गायनेकोलॉजिकल और यूरो ऑन्कोलॉजी के विशेषज्ञ डॉक्टर शामिल हैं। अस्पताल का कहना है कि जटिल कैंसर सर्जरी और उसके बाद की रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की भी सुविधा यहाँ उपलब्ध है, जिससे मरीज जल्दी सामान्य जीवन में लौट सकें। अस्पताल के यूनिट हेड संदीप शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य यह है कि मरीजों को कैंसर के इलाज के लिए महानगरों में न जाना पड़े। जांच से लेकर सर्जरी और इम्यूनोथेरेपी तक सभी सुविधाएँ गोरखपुर में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही, पात्र मरीज आयुष्मान कार्ड के तहत 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज भी प्राप्त कर सकते हैं। अस्पताल का कहना है कि उन्नत तकनीक, विशेषज्ञ टीम और एकीकृत इलाज प्रणाली के जरिए वह पूर्वी उत्तर प्रदेश में कैंसर उपचार के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की दिशा में काम कर रहा है।