भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष की बहन आग में झुलसी:नकाबपोश पर पेट्रोल डालने का आरोप, पुलिस बोली- आत्महत्या के प्रयास की आशंका

फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज क्षेत्र के जिजपुरा गांव में भीम आर्मी के जिला उपाध्यक्ष रजनेश गौतम की 21 वर्षीय बहन नीलम संदिग्ध परिस्थितियों में गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती 100 प्रतिशत तक झुलस चुकी है। मौके पर एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। परिजनों का आरोप है कि नीलम पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगाई। घटना के समय वह घर से करीब 100 मीटर दूर खेत में बनी झोपड़ी में थी। भाई अनीस गौतम ने बताया कि एक नकाबपोश व्यक्ति ने नीलम के साथ मारपीट की और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। उस समय उनकी मां बाजार गई थीं, जबकि भाभी घर पर मौजूद थीं। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल पर एक कोठरी में गद्दे के नीचे रखी कॉपी से एक पत्र बरामद हुआ, जिसने मामले को नया मोड़ दे दिया।
बरामद पत्र में नीलम ने लिखा है, “मैं अपने घर से बहुत परेशान हो चुकी हूं। मरने जा रही हूं, इसमें किसी की गलती नहीं है। मोबाइल के लिए अब कोई लड़ाई नहीं होगी। मुझे ढूंढना मत, मैं एक छोटी बच्ची के रूप में वापस आऊंगी। आनंद भाई की शादी कर लेना और रोना मत।” पुलिस को मौके से एक टेप भी मिला है। आशंका जताई जा रही है कि युवती ने आत्मदाह के दौरान चीख बाहर न जाए, इसलिए मुंह पर टेप चिपकाया हो। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या के प्रयास का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि पत्र में घरेलू कलह और मोबाइल को लेकर विवाद का उल्लेख है। क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि युवती द्वारा आग लगाकर आत्महत्या के प्रयास की बात सामने आई है। घटनास्थल से पत्र और टेप बरामद किए गए हैं। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।