ग्रेटर नोएडा में चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी:26 फरवरी से 1 मार्च तक सिटी पार्क में लगेगी

ग्रेटर नोएडा के सम्राट मिहिर भोज पार्क (सिटी पार्क) में 26 फरवरी से 1 मार्च तक चार दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर यह प्रदर्शनी आयोजित हो रही है, जिसमें प्रवेश निशुल्क रहेगा। इस पुष्प प्रदर्शनी में फूलों से निर्मित ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (भारत माता के माथे पर तिलक लगाते हुए), राष्ट्रीय पक्षी मोर, शेर और हार्ट शेप जैसी आकृतियां मुख्य आकर्षण होंगी। प्रदर्शनी में एक लाख से अधिक मौसमी फूल प्रदर्शित किए जाएंगे। पुष्प प्रदर्शनी का थीम फ्लावर कैलेंडुला है।
इस वर्ष पुष्प प्रदर्शनी में पहली बार ड्रोन शो का आयोजन किया जाएगा, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र होगा। इसके अतिरिक्त, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) और रोबोटिक्स जैसी आधुनिक तकनीक की झलक भी देखने को मिलेगी। शहर के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलेगा, जहां नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और कबाड़ के पुनर्चक्रण का संदेश दिया जाएगा।
प्रदर्शनी में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नृत्य, संगीत, कविता और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। आगंतुकों के लिए खाने के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। सिटी पार्क को सजाने का काम जारी है। जिसमें फव्वारों को दुरुस्त किया जा रहा है और विभिन्न आकृतियों के स्ट्रक्चर बनाए जा रहे हैं। प्राधिकरण ने 40 गोलचक्करों, 45 हरित क्षेत्रों और 17 सेंट्रल वर्ज को एडॉप्शन पर देकर उन पर भी कैलेंडुला के पौधे लगाए हैं।