घाटमपुर से नौबस्ता के सागरपुरी आ रही एक महिला लूट का शिकार हो गई। ऑटो में सवार अज्ञात महिलाओं ने कथित रूप से नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके बैग से करीब पांच लाख रुपए के जेवर पार कर दिए। घटना के बाद पीड़िता सीमा विवाद में उलझी रही, जिस पर उसने कानपुर के डीसीपी दक्षिण से गुहार लगाई। इसके बाद हनुमंत विहार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया है। घाटमपुर के नौरंगा निवासी किरन सचान ने बताया कि उनकी बहन ऊषा सचान नौबस्ता के सागरपुरी में रहती हैं। मंगलवार सुबह वह बहन के घर जाने के लिए ऑटो में बैठीं, जिसमें पहले से एक महिला सवार थी। जहांगीराबाद के पास दो और महिलाएं ऑटो में आकर बैठ गईं और उन्हें बीच में बैठा लिया। आरोप है कि इसी दौरान एक महिला ने पर्स से पान मसाले की पुड़िया निकाली, खाने के बाद पीड़िता की ओर फूंक मार दी। विरोध करने पर आरोपित महिला ने माफी मांगकर बात टाल दी। इसके बाद पीड़िता को चक्कर आने लगे और वह बेसुध हो गईं। समाधी पुलिया के पास ऑटो चालक ने उन्हें उतरने को कहा, तब उनकी आंख खुली। किराया देने के बाद वह ई-रिक्शा से बहन के घर पहुंचीं। घर पहुंचकर बैग की जांच की तो जेवरों से भरा पर्स गायब मिला। किरन सचान के अनुसार पर्स में तीन तौले सोने की दो चेन, दो अंगूठियां, कान के झुमके और टॉप्स रखे थे, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। जल्द करेंगे घटना का खुलासा कानपुर डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि ऑटो में महिला के साथ टप्पेबाजी की घटना सामने आई है। हनुमंत विहार पुलिस को सीसी कैमरे खंगालने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।