कोहना में FORTUNER और BMW में जोरदार भिड़ंत:100 की स्पीड में भाग रही थी कार, 42 बार हो चुका है चालान

वीआईपी रोड पर बुधवार देर रात कोहना थानाक्षेत्र में भैरोघाट चौराहे के पास 100 से ज्यादा स्पीड में भाग रही फार्च्यूनर की बीएमडब्ल्यू से जोरदार भिड़ंत हो गई। बड़ी बात यह है कि फार्च्यूनर का हाल के महीनों में 42 बार चालान हो चुका है और 82 हजार रुपए जुर्माना भी बकाया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार सवार दोनों लोग काफी नशे में थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारों के एयरबैग तक खुल गए, जिससे उनकी जान बच गई। गनीमत रही कि इनकी चपेट में कोई राहगीर नहीं आया वरना उसकी जान चली जाती। भैरोघाट चौराहे के पास हुआ हादसा वीआईपी रोड पर भैरोघाट चौराहे के पास रात करीब 2 बजे 100 से ज्यादा की रफ्तार से आ रही बीएमडब्ल्यू और फार्च्यूनर कार में भिड़ंत हो गई, जिससे वह सड़क किनारे खंभे से जा भिड़ी टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ही कारों के एयरबैग तक खुल गए, जिससे किसी को चोट नहीं आई। बताया जा रहा है कि दोनों कारों में सवार लोग नशे की हालत में थे। कुछ देर में दो कारें आई जिसमें बैठकर सभी चले गए। किसी के घायल न होने पर पुलिस को देखकर लौट गई। फार्च्यूनर कार कन्नौज जनपद के जीटी रोड स्थित जसोदा कोल्ड स्टोरेज प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर पंजीकृत है। इस कार में कुल 42 चालान हैं, जिसमें 82 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है जिसका अब तक भुगतान नहीं किया गया है। ज्यादातर चालान मानक से तेज रफ्तार से वाहन चलाने के मामले में किए गए हैं। वहीं बीएमडब्ल्यू कार शहर के चुन्नीगंज स्थित स्काईलार्क काम्लेक्स स्थित गौतमी आयल एन केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड फर्म के नाम पर पंजीकृत है। इस पर भी दो 2250 रुपये के दो चालान हैं। दोनों पक्षों ने किया समझौता हादसे के बाद बदनामी से बचने के लिए दोनों कारों के मालिक अपने परिजन और कर्मचारियों की मदद से रात में ही दूसरी कार से रस्सी बांधकर उसे खींचकर वहां से ले गए। कोहना थाना प्रभारी प्रतीक सिंह ने बताया कि दोनों कारों के मालिक एक दूसरे की कारों में हुए नुकसान की भरपाई को लेकर समझौता करके चले गए, किसी ने कोई तहरीर नहीं दी है।