उन्नाव में अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में पलटी कार:पांच बच्चों सहित 7 लोग घायल, राहगीरों ने शीशा तोड़कर बाहर निकाला

उन्नाव में गुरुवार शाम को पुरवा-पाटन मार्ग पर चंदीगढी स्थित शारदा नहर पुल के पास एक वैगन आर कार अनियंत्रित होकर पानी भरे गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में पांच बच्चों, एक महिला और एक पुरुष सहित कुल सात लोग घायल हो गए। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनकर राहगीरों और ग्रामीणों ने कार का शीशा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पुरवा लाया गया। सोहरामऊ कस्बा निवासी नीरज शुक्ला (44) अपने परिवार के साथ बिहार थाना क्षेत्र के ममरेजपुर गांव में भांजे सत्यम दीक्षित के बरीक्षा कार्यक्रम से लौट रहे थे। शाम करीब 6:30 बजे पुरवा-पाटन मार्ग पर चंदीगढी स्थित शारदा नहर पुल से पहले मोड़ पर उनकी वैगन आर कार अचानक अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए सड़क किनारे पानी भरे गड्ढे में जा गिरी। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद, अंजली शुक्ला (40) पत्नी मुकेश शुक्ला और प्रणव (6) पुत्र नीरज शुक्ला की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉ. यूके सिंह ने बताया कि अंजली के कोहनी और घुटने में चोटें आई हैं, जबकि बच्चे प्रणव के बाएं पैर में फ्रैक्चर है। परिजन उन्हें लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर ले गए हैं।