हमीरपुर में शादी के कुछ ही घंटे बाद दुल्हन ने पति के साथ रहने से इनकार कर दिया। जिससे हंगामा मच गया। 21 फरवरी को शादी के बाद पहली बार ससुराल आई थी। दुल्हन ने पति को छूने से मना कर दिया। उसने साफ कहा कि वह प्रेमी के साथ ही रहेगी। दुल्हन की जिद पर पंचायत बुलाई गई। सभी ने समझाने की कोशिश की। समझाते वक्त सास ने आपा खो दिया। सबके सामने दुल्हन को थप्पड़ जड़ दिए। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सास एक सेकेंड में 3 थप्पड़ मारते दिख रही है। इसके बाद दुल्हन रोते हुए कहती है- और मारो खूब मारो, मार डालो। पंचायत में मामला नहीं सुलझने के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे। यहां भी समझाने की कोशिश की गई, लेकिन दुल्हन नहीं मानी। 23 फरवरी को दोनों पक्षों की सहमति के बाद दूल्हा-दुल्हन ने अलग-अलग रहने का फैसला किया। वीडियो में क्या दिख रहा… दुल्हन का 72 सेकेंड का एक वीडियो सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि दुल्हन अन्य महिलाओं के साथ बैठी है। एक महिला दुल्हन को समझाते-समझाते दो थप्पड़ जड़ देती है। इस पर अन्य लोग महिला को समझाते हैं कि उसे न मारे। तभी दुल्हन भड़क उठती है। इधर, अन्य महिलाएं उससे कहती हैं कि जब तुम्हें यहां नहीं रहना था तो शादी क्यों की। इस पर दुल्हन बताती है कि उसकी शादी जबरदस्ती कराई गई है। वह क्या करती। अब जानिए पूरा मामला… हमीर कस्बे के रामबाग निवासी लालदीवान के बेटे धर्म कुशवाहा (26) की शादी राठ कोतवाली की एक लड़की के साथ हुई थी। एक गेस्ट हाउस से 21 फरवरी को हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई। 22 फरवरी को दुल्हन विदा होकर अपने ससुराल आई। रात में घरवाले दुल्हन को दूल्हे धर्म के कमरे में ले जाने लगे, लेकिन उसने कमरे में जाने से मना कर दिया। घरवालों ने जब जबरदस्ती की तो वह कमरे में गई। अंदर जाकर उसने अपने पति को छूने से मना कर दिया। धर्म ने ये बात अपने घर वालों को बता दी। परिजन ने दुल्हन से पूछा तो जवाब मिला कि वह एक लड़के से प्यार करती है। उसी के साथ जीवन बीताना चाहती है। वह गोहांड के रहने वाले अपने प्रेमी कल्लू के साथ ही रहेगी। पति के साथ नहीं रहेगी। उसकी शादी जबरन कराई गई है। इसके बाद ससुरालियों ने दुल्हन के घर वालों को बुलाया। 22 फरवरी की रात भर मान-मनौव्वल चलती रही। इसी दौरान दुल्हन की सास समझाते हुए अपना आपा खो बैठी। परिवार वालों ने खूब समझाया, लेकिन बात नहीं बनी। अगले दिन 23 फरवरी की सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच बातचीत होती रही। बाद में दुल्हन-दूल्हा अलग-अलग रहने के लिए राजी हो गए। इसके बाद दोनों परिवारों ने कानूनी रूप से अलग होने की औपचारिकता को पूरा करने का निर्णय लिया। लड़की अब अपने मायके में रह रही है। कोतवाली प्रभारी राकेश ने कहा- दोनों पक्षों में से किसी ने भी लिखित शिकायत नहीं दी है। दोनों ने आपसी सहमति से अलग-अलग रहने का निर्णय लिया है। फिलहाल मामला आपसी समझौते के साथ समाप्त हो गया है। ————————– इस खबर को भी पढ़ेंः- प्रेमी से शादी के लिए 250-फीट टावर पर चढ़ी युवती:महाराजगंज में बोली- शादी नहीं करनी तो प्यार क्यों किया, झगड़ा कर नेपाल चला गया था प्रेमी महाराजगंज में प्रेमी से शादी करने की जिद में युवती 250 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बताया- गांव के युवक से 12 साल से प्यार करती है। अब वह शादी से भाग रहा है। पुलिस और गांववालों ने समझाया तो कहा- अगर प्रेमी नहीं आया तो उसके नाम का जहर खा लूंगी। पढ़ें पूरी खबर…