‘मेरी बेटी तड़पकर मरी, पड़ोसी को फांसी पर लटकाओ’:झांसी में मां बोली- अकेला पाकर छेड़छाड़ की, वो बर्दाश्त नहीं कर पाई और जान दे दी

“मैं अपने मायके में भतीजे की शादी में गई थी। घर में नाबालिग बेटी को अकेला देखकर पड़ोसी वीरू घर में घुस गया। उसने गंदी हरकत की। जिसे बेटी बर्दाश्त नहीं कर पाई। उसने सुसाइड कर लिया। जैसे मेरी बेटी तड़प-तड़पकर मरी है, वैसे ही वीरू की भी मौत होनी चाहिए उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए। मेरी बात मुख्यमंत्री योगी तक पहुंचा दो। ताकि मेरी नादान बेटी को न्याय मिल जाए।” ये कहना है उस मां का। जिसकी 16 साल की बेटी और 9वीं की छात्रा ने झांसी में गुरुवार को सुसाइड कर लिया। बुधवार को वह घर पर अकेली थी। तब पड़ोसी वीरेंद्र उर्फ वीरू साहू घर में घुस आया। कुंडी बंद करके गंदी हरकत की। छात्रा का छोटा भाई घर पहुंचा तो आरोपी छत से कूदकर भाग गया। बाद में पुलिस उसे घर से पकड़ लिया। 10 दिन पहले ही उसने अपनी पत्नी को तलाक दिया था। गुरुवार को बदनामी के डर से छात्रा ने सल्फास की गोली खाकर जान दे दी। पूरा मामला मोंठ थाना क्षेत्र का है। अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए… पेपर थे, इसलिए मां संग नहीं जा पाई लड़की की मां ने बताया- मेरी बड़ी बेटी 16 साल की थी। उससे छोटे 8 साल के जुड़वा बेटा और बेटी है। पति ट्रक चलाते हैं। मैं 23 फरवरी को अपने भतीजे की शादी में शामिल होने के लिए मायके गई थी। छोटी बेटी को भी साथ ले गई थी। बड़ी बेटी के पेपर चल रहे थे। इसलिए उसे नहीं ले गई। उसके पास छोटे बेटे को छोड़ गई थी। मेरी छोटी बहन की शादी देवर से हुई है। घर पर बहन और उसके बच्चे थे। इसलिए बहन को देखरेख करने के लिए कह गई थी। बुधवार को बेटी से वीरू ने की थी छेड़छाड़ बुधवार दोपहर को बहन यानी देवरानी खेत पर चली गई। बच्चे स्कूल गए थे। घर पर बड़ी बेटी अकेली थी। तभी पड़ोस का वीरेंद्र उर्फ वीरू साहू घर में घुस आया। घर की अंदर से कुंडी बंद करके बेटी से छेड़छाड़ करने लगा। इस दौरान छुट्‌टी होने पर छोटा बेटा और देवरानी का बेटा घर पहुंचे। दोनों ने हाथ डालकर कुंडी खोली। अंदर देखा तो आरोपी वीरू बेटी के साथ जबरदस्ती कर रहा था और वह रो रही थी। छत से कूदकर भागा आरोपी मृतका की मौसी ने बताया- बच्चों ने घर की बाहर से कुंडी बंद कर दी। तब आरोपी वीरू छत से कूदकर भाग गया। बेटी ने मुझे फोन किया और रोते हुए घटना बताई। तब मैं घर पहुंची। आरोपी रास्ते में मिला और हाथ-पैर जोड़कर गलती मानने लगा। मैंने घर पहुंचकर डायल 112 पर फोन किया और पुलिस को बुलाया। पुलिस ने आरोपी को घर से पकड़ लिया और अपने साथ ले गई। मैंने घटना की जानकारी उसकी मां को दी। उनको गुरुवार को घर लौटना था। पिता भी घर आ रहे थे। बेइज्जती होने पर बेटी ने जहर खाया लड़की की मां ने आगे बताया- घटना के बाद से बेटी डिप्रेशन में थी। गुरुवार सुबह उठने के बाद उसने घर का काम किया। पूरे गांव में घटना की चर्चा हो रही थी। ये बात जैसे ही बेटी तक पहुंची। बदनामी की वजह से उसने सल्फास की 2 गोली खा लीं। तबीयत बिगड़ने पर बेटी ने मौसी को जहर खाने की जानकारी दी। तब मौसी उसे मोंठ सीएचसी ले गई। जहां से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने बेटी को मृत घोषित कर दिया।
शादी छोड़कर मां अस्पताल पहुंची लड़की की मां ने बताया कि बुधवार को भतीजे की बारात जा रही थी। तभी घटना का पता चल गया। गुरुवार सुबह बारात लौटनी थी। इसके बाद मुझे घर जाना था। बारात लौट पाती। उससे पहले ही बेटी के जहर खाने की जानकारी आ गई। तब शादी छोड़कर मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां पर बेटी की लाश पड़ी थी। 10 दिन पहले तलाक हुआ लड़की की मां ने बताया- आरोपी वीरू साहू (32) की शादी 2 साल पहले हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी से मनमुटाव चल रहा था। इस वजह से पत्नी मायके में रह रही थी। लगभग 10 दिन पहले ही पंचायत में वीरू का तलाक हो गया था। वीरू मेरे घर पर कभी नहीं आता था। अकेला देखकर उसने गंदी हरकत की है। वीरू की शादी हो चुकी है, लेकिन पत्नी को छोड़ दिया। वो ऐसे ही कई लड़कियों के साथ कर चुका है। घर लाता है और फिर छोड़ देता है। मेरी बेटी नादान थी। वीरू ने जो किया उसे उसकी सजा जरूर मिलनी चाहिए। उसे फांसी होनी चाहिए। मेरी बात प्रधानमंत्री मोदी और योगी तक पहुंचा दो। ताकि मेरी बेटी को इंसाफ मिल जाए। पुलिस बोली- आरोपी को किया जा चुका है गिरफ्तार मोंठ CO अजय श्रोत्रीय ने बताया- परिजनों की तहरीर पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया गया था। अब छात्रा की मौत हो गई है। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट और परिजनों के बयान लेकर केस में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। आरोपी वीरेंद्र उर्फ वीरू को गिरफ्तार किया गया है। यह खबर भी पढ़ें केशव मौर्य को ब्रिटेन ने वीजा नहीं दिया, डिप्टी CM जर्मनी से लखनऊ लौट रहे; योगी ने 2.5 लाख करोड़ के निवेश जुटाए यूपी के डिप्टी सीएम यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) का दौरा रद्द कर लखनऊ लौट रहे हैं। जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन ने वीजा नहीं दिया है। इसलिए डिप्टी CM ने ब्रिटेन का दौरा कैंसिल कर दिया है। वीजा के लिए भारत सरकार की तरफ से NOC दी गई थी। फिलहाल, ब्रिटेन ने वीजा क्यों नहीं दिया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो सका है। पढ़िए पूरी खबर…