होली खेलकर लौट रहे युवक की गोली मारकर हत्या:अलीगढ़ में बदमाश घात लगाकर बैठे थे, देखते ही अंधाधुन फायरिंग

अलीगढ़ में होली खेलकर लौट रहे युवक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जबकि उसका दोस्त गंभीर घायल है। उसके पैर में गोली लगी है। दोनों वार्ष्णेय महाविद्यालय से होली समारोह मनाने के बाद घर लौट रहे थे। बदमाश कॉलेज से 150 मीटर दूर पुल के नीचे घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही दोनों वहां आए, बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुन फायरिंग की और फरार हो गए। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। घायल को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दो छात्र गुटों के बीच रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। घटना शनिवार दोपहर की गांधी पार्क थाना क्षेत्र की है। पहले देखिए 2 तस्वीरें… अब पढ़िए पूरा मामला… ​जश्न के बीच घात लगाकर हमला
मृतक युवक की पहचान नूरी निवासी अंशु तोमर (20) के रूप में हुई है। वह एक कारखाने में नौकरी करता था। श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय में शनिवार को होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इस समारोह में पृथ्वीराज चौहान (19) अपने दोस्त अंशु तोमर के साथ पहुंचा था। पृथ्वीराज चौहान इसी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। दोनों ने कॉलेज में होली खेली और दोपहर करीब 12.45 बजे घर लौटने लगे। इसी बीच कॉलेज से करीब 150 मीटर दूर पुल के नीचे पहले से बाइक सवार हमलावर घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही दोनों पुल के पास पहुंचे, हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक गोली अंशु तोमर की पीठ में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके दोस्त पृथ्वीराज चौहान के पैर में गोली लगी है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत एकत्र किए। रैगिंग बना विवाद की जड़
अस्पताल में इलाज करा रहे घायल पृथ्वीराज चौहान ने कहा- हमलावर धीरज ठाकुर डीएस कॉलेज का छात्र है। वह अक्सर हमारे कॉलेज में आ जाता था और छात्रों की रैगिंग करता था। जब मैंने पिछली बार उसकी रैगिंग का विरोध किया तो हमारे बीच विवाद हो गया। इसके बाद धीरज ने अपने रसूख के दम पर मेरे खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई और पुलिस ने मुझे जेल भेज दिया। मैं करीब एक महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था। इसी बीच आज मुझ पर जानलेवा हमला किया गया। ​पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
गांधी पार्क थाना क्षेत्र सीओ द्वितीय कमलेश कुमार ने बताया- ये दो छात्रों के गुटों के बीच रंजिश का मामला है। इसी रंजिश के चलते धीरज और उसके साथी गोलू ठाकुर ने शनिवार को मौका पाकर फायरिंग की और फरार हो गए। पुलिस ने अंशु के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हमलावरों की पहचान हो चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए हमलावरों के भागने के रूट की जांच की जा रही है। —————- यह खबर भी पढ़ें.. इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर को 14 चाकू मारे, सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े हमला, योगी बोले- दोषियों को बख्शेंगे नहीं गाजियाबाद में इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े ऑफिस में घुसकर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को बिना नंबर प्लेट की बाइक से आए नकाबपोश हमलावरों ने सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। गला रेतने की कोशिश की। चीखने पर हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए। पढ़िए पूरी खबर..