संतकबीर नगर SBI में मिला 200 का जाली नोट:20 हजार निकालने पहुंचा था ग्राहक, मैनेजर बोले- 5 नोट मिलने पर होगा एक्शन

संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में एक ग्राहक को 200 रुपये का नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बैंक के कैश काउंटर से नकली नोट निकलने को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। मेंहदावल नगर पंचायत के निवासी और SBI खाताधारक सुनील कुमार ने बताया कि गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे वह बैंक से 20,000 रुपये निकालने गए थे। उन्हें दी गई नकदी में 200 रुपये के तीन नोट खराब थे, जिन्हें उन्होंने तुरंत बदलवा लिया। सुनील कुमार शुक्रवार को एक शादी में शामिल हुए। शनिवार को जब वह खरीदारी करने के लिए पैसे निकालने लगे, तो उन्हें पता चला कि 200 रुपये का एक नोट जाली है। इसके बाद वह तुरंत सुबह 11 बजे बैंक पहुंचे। बैंक में उन्होंने शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार को पूरी बात बताई। प्रबंधक ने कैश काउंटर पर जाकर बिना किसी पूछताछ के वह नकली नोट ले लिया और अपनी जेब से दो 100 रुपये के नोट सुनील कुमार को दे दिए। इस संबंध में शाखा प्रबंधक सुधीर कुमार ने कहा – यह नोट संभवतः नए कर्मचारी द्वारा बिना गिने दिए गए होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि बैंक अभी इस मामले में कानूनी कार्रवाई नहीं करेगा। प्रबंधक के अनुसार, कम से कम पांच नकली नोट मिलने पर ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।