देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र में शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक आर्मी जवान की मौत हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। मृतक जवान की पहचान रतनपुरा गांव निवासी 29 वर्षीय रामप्रताप यादव पुत्र लालसा यादव के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना में तैनात थे और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे। शनिवार सुबह करीब 12 बजे वह घर से कंचनपुर चौराहे की ओर जा रहे थे, तभी रतनपुरा चौराहे के समीप सामने से आ रही बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर कुशीनगर जनपद के चौरा खास थाना क्षेत्र के भठवा गांव निवासी अंगद प्रसाद (35) और उनकी पत्नी अनीता देवी (32) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां से रामप्रताप यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार शाम करीब सात बजे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।