अयोध्या के कुमारगंज में ई-रिक्शा बैटरी बेचने के नाम पर एक व्यापारी से 20 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिले के कुमारगंज गोकुला मोड़ निवासी सुशील कुमार अग्रहरि ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार शाम उनकी दुकान पर खाकी वर्दी पहने और हेलमेट लगाए एक व्यक्ति आया। उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि थाने के बड़े साहब के पास ई-रिक्शा की आठ बैटरियां हैं, जिन्हें बेचना है। ठग ने सुशील कुमार को बताया कि आठ बैटरियों का वजन लगभग 240 किलो होगा और इनकी कीमत 24,000 रुपये है। उसने कहा कि 20,000 रुपये साहब को देने होंगे और बाकी 4,000 रुपये उसके होंगे। सुशील कुमार के पास तत्काल 20,000 रुपये नहीं थे, तो उन्होंने किसी और से उधार लेकर ठग को दिए। ठग ने पैसे अपनी जेब में रख लिए और कहा कि यही रकम साहब को देनी है। आरोपी ठग सुशील कुमार को अपनी मोटरसाइकिल पर बिठाकर थाने ले गया। थाने के गेट पर उसने सुशील को उतार दिया और खुद अंदर चला गया। कुछ देर बाद वह वापस आया और कहा कि बैटरियां निकालकर रखी गई हैं। उसने सुशील को बैटरियां लाने के लिए कहा और बताया कि वह बाजार से तुरंत लौटकर आ रहा है। इसके बाद वह व्यक्ति वहां से चला गया और वापस नहीं लौटा। सुशील कुमार और उनके बेटे ने काफी देर तक थाने में बैटरियों का इंतजार किया, लेकिन न तो बैटरियां मिलीं और न ही वह व्यक्ति दोबारा आया। जब उन्हें ठगी का एहसास हुआ, तो पीड़ित व्यापारी ने कुमारगंज थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है।