अयोध्या में होली-रमजान पर हाई अलर्ट:एसएसपी के नेतृत्व में फ्लैग मार्च, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती

होली और रमजान को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। रविवार को डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी अयोध्या ने पुलिस बल के साथ शहर के प्रमुख मार्गों पर फ्लैग मार्च का नेतृत्व किया। उनके साथ एडीएम योगानंद पांडेय और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। संवेदनशीलता को देखते हुए शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक पुलिस की सक्रिय गश्त बढ़ा दी गई है। एसएसपी ने बताया कि सभी थाना क्षेत्रों में लगातार रूट मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जा रहा है। प्रमुख चौराहों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन द्वारा त्योहारों से जुड़े आयोजकों से व्यक्तिगत संपर्क कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि किसी भी आयोजन में व्यवधान न आए। सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस-प्रशासन ने दोनों समुदायों के लोगों से अपील की कि अपने-अपने त्योहार भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।