कुशीनगर में किशोरी की टीबी से मौत:नहीं दे पाई हाईस्कूल की परीक्षा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

कुशीनगर के रामकोला क्षेत्र के भोदसी गांव की 14 वर्षीय रंजना पुत्री अजय कुशवाहा की टीबी बीमारी से मौत हो गई। वह इस वर्ष कक्षा 10 की छात्रा थी, लेकिन गंभीर बीमारी के कारण हाईस्कूल की परीक्षा भी नहीं दे पाई। रविवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हुई। अस्पताल के कागजों में बच्ची की उम्र 31 वर्ष दर्ज की गई थी, जो एक बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। बेटी के शव के पास बैठी मां का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने बताया कि रंजना चार संतानों में सबसे बड़ी थी। उसके दो छोटे भाई और एक बहन हैं।
परिवार को शुरू में उसकी बीमारी की गंभीरता का अंदाजा नहीं था। तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले रामकोला सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, पिछले तीन महीने से जिला अस्पताल से उसकी दवा चल रही थी। उसे नियमित टीबी की दवाएं भी दी जा रही थीं, लेकिन हालत में सुधार होने के बजाय स्थिति और बिगड़ती चली गई। बीमारी के चलते वह इस साल हाईस्कूल की परीक्षा में भी शामिल नहीं हो सकी। परिवार का कहना है कि उन्होंने ब्लॉक से लेकर जिला अस्पताल तक लगातार चक्कर लगाए, लेकिन बेटी को नहीं बचा सके। परिवार के अन्य सदस्यों में फिलहाल टीबी के कोई लक्षण नहीं हैं। इस संबंध में रामकोला सीएचसी के स्वास्थ्यकर्मी राम प्रकाश ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में गई थी। रंजना का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा था और वहीं उसकी मौत हुई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।