बलिया में 1631 स्थानों पर होलिका दहन की तैयारी:होली-रमजान के मद्देनजर एसपी ने किया फ्लैग मार्च, सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

बलिया में होली और रमजान त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। जिले में कुल 1631 स्थानों पर होलिका दहन होगा। एसपी ने लोगों को सुरक्षा का आश्वासन दिया। सोमवार शाम को एसपी ओमवीर सिंह ने बलिया कोतवाली क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की गहनता से जांच की गई। फ्लैग मार्च के दौरान एसपी ने जगह-जगह लोगों से संवाद किया और उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर बलिया जनपद के सभी कस्बों में फुट पेट्रोलिंग की जा रही है। एसपी ने ट्रैफिक, अतिक्रमण और त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि लोगों का आवागमन सुगम रहे और पार्किंग पर भी ध्यान दिया जा सके। पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से अनुरोध किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर ऐसे कैमरे लगाएं, जिससे शहर के 100 मीटर दाएं-बाएं की निगरानी भी हो सके। इस दौरान मार्केटिंग करने आईं महिलाओं से भी बातचीत की गई। एसपी ने बताया कि होली पर्व पर जिले में छह जगहों पर जुलूस निकाले जाएंगे। प्रत्येक थाने पर शांति समिति की बैठकें हो चुकी हैं। पूर्व के कुछ विवादों को देखते हुए चार स्थान चिन्हित किए गए थे, जहां उपजिलाधिकारी और सीओ ने संयुक्त रूप से भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। अब वहां कोई विवाद नहीं है और उम्मीद है कि लोग मिलजुल कर हंसी-खुशी से होली का त्योहार मनाएंगे।