संभल में ट्रैक्टर ने व्यक्ति को रौंदा, मौत:परिजनों ने ड्राइवर पर लगाया लापरवाही का आरोप, कार्रवाई की मांग

संभल में ट्रैक्टर की टक्कर से एक ग्रामीण डालचंद (47) की मौत हो गई। यह घटना रविवार दोपहर चंदौसी तहसील के बनियाठेर थाना क्षेत्र के गुमथल गांव में हुई। परिजनों ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही से कुचलने का गंभीर आरोप लगाया है और पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, डालचंद पुत्र सूखे रविवार दोपहर करीब 3 बजे गांव के पास जंगल में शौच के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के एक ट्रैक्टर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में डालचंद की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि डालचंद बचपन से ही कमजोर थे और उनकी शादी नहीं हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बनियाठेर थाना पुलिस भी गांव पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने पुलिस को मौखिक शिकायत में चालक पर शराब के नशे में ट्रैक्टर चलाने का आरोप भी लगाया है। थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि गुमथल गांव में डालचंद की मौत की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और परिजनों की ओर से अभी कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।