औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना मुरादगंज रोड पर एक ईंट उद्योग के सामने हुई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को दिबियापुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान हसनपुर गांव निवासी 69 वर्षीय साबिर अली पाठक के रूप में हुई है। वह अपने बेटे जाकिर के साथ ईंट उद्योग पर काम करते थे। रविवार देर शाम करीब सात बजे साबिर अली ऊंचा गांव से सब्जी लेकर भट्टे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को तुरंत दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। साबिर अली के दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। इस दौरान दिबियापुर थाना प्रभारी रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी और फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार भी मौके पर मौजूद रहे।