आगरा में होली को लेकर पुलिस अलर्ट:मिश्रित आबादी वाले इलाकों में फ्लैग मार्च, अश्लील-विवादित गाने बजाने पर होगी कार्रवाई

आगरा में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस प्रशासन ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और नागरिकों से जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। रविवार को होली और ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत के बाद पुलिस ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल मार्च किया।
पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने लोगों से अपील की है कि त्योहार को सद्भावपूर्वक मनाएं। किसी भी महिला या बुजुर्ग व्यक्ति के साथ अभद्रता न करें और किसी पर जबरन रंग न डालें। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई है।
डीजे संचालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मानक अनुरूप ही डीजे का संचालन करें। अश्लील या विवादित गाने न बजाएं और मार्ग अवरुद्ध न करें। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी।
किसी भी विवाद या समस्या की स्थिति में लोगों से कानून हाथ में न लेने की अपील की गई है। ऐसी परिस्थिति में तुरंत 112 डायल कर पुलिस को सूचना देने को कहा गया है, ताकि तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
वहीं थाना ट्रांसयमुना क्षेत्र में पुलिस ने मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पैदल फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों और पुलिस बल ने लोगों से संवाद कर शांतिपूर्ण तरीके से होली मनाने की अपील की। फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जाएगी।