ईरान में खामेनेई की शहादत पर लखनऊ में शोक:कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शिया बहुल इलाकों में पहुंचे, जताई संवेदना, केंद्र की चुप्पी पर निशाना

ईरान के सर्वोच्च धर्मगुरु आयतुल्लाह अली खामेनेई की शहादत पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने पुराने लखनऊ के शिया बहुल इलाकों में पहुंचकर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शिया समुदाय के प्रमुख धर्मगुरु मौलाना कल्बे जव्वाद से मुलाकात की और खामनेई की शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा, “आयतुल्लाह अली खामेनेई ने कभी आत्मसमर्पण नहीं किया, बल्कि बहादुरी से मुकाबला करते हुए शहादत का रास्ता चुना। हम उनकी शहादत को सिर झुकाकर नमन करते हैं।” उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “खामेनेई की शहादत पर मोदी सरकार की खामोशी बेहद शर्मनाक है। यह न केवल सरकार के नैतिक पतन को उजागर करती है, बल्कि भारत की उस महान सभ्यता पर भी सवाल उठाती है, जिसने हमेशा दुनिया में शांति और रोशनी फैलाने का काम किया है।” अजय राय ने आगे कहा कि भारत और ईरान के बीच सदियों पुराने गहरे संबंध रहे हैं, लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ने अपने कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए इन संबंधों को तोड़ दिया है। उन्होंने शोक संतप्त ईरान और विश्व भर के शिया समुदाय के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। कहा कि “इस दुख की घड़ी में हम ईरान के साथ खड़े हैं और शिया समुदाय के हर दर्द को महसूस करते हैं।” इस मौके पर मौलाना शफीक शफीक, शिया नेता शामिल शम्सी, कांग्रेस नेता फैजी जैदी, अब्दुल्ला शेर खान, आशीष दीक्षित सहित नगर कांग्रेस कमेटी के कई सदस्य मौजूद रहे।