लखनऊ में 13 साल के छात्र की गोली लगने से मौत मामले में हत्या की FIR दर्ज हुई है। बताया जा रहा है, आरोपी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के रिश्ते के साले का नाबालिग बेटा है। सोमवार को उसका बर्थडे था। बर्थडे मनाने के लिए वह दोपहर साढ़े तीन बजे अपने दोस्त उनैज को उसके घर से कार से ले गया। गाड़ी में उसके 2 दोस्त और ड्राइवर भी थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसने अपने घर के नीचे कार खड़ी करवाई। चारों कार में पार्टी करने लगे। इसी दौरान गोली चल गई, जो उनैज के माथे पर लगी। इसके बाद ड्राइवर और तीनों बच्चे उनैज को लोकबंधु अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। उनैज के पिता जमीर खान ने इस मामले में FIR दर्ज कराई। इसमें लिखा है- आरोपी छात्र के पिता संजीव त्रिपाठी ने घटना की जानकारी फोन से मुझे और पुलिस को दी। इसके बाद हम लोग लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। तब हमें पता चला कि बेटे की मौत हो गई है। फिलहाल, पुलिस ने कार में सवार तीनों छात्रों, आरोपी के माता-पिता और ड्राइवर के खिलाफ हत्या की FIR दर्ज की है। रिवॉल्वर आरोपी छात्र के बिजनेसमैन पिता संजीव त्रिपाठी के नाम पर है। आरोपी छात्र के चाचा गुड्डू त्रिपाठी MLC रह चुके हैं। वहीं, जमीर खान का आरोप है कि गोली गलती से नहीं लगी, बीच माथे पर सटाकर मारी गई है। इसके लिए कुछ लोगों ने मेरे बच्चे के हाथ-पैर भी पकड़े होंगे। आरोपी के पिता संजीव त्रिपाठी ने पेरेंट्स-टीचर मीटिंग में मुझे देख लेने की धमकी भी दी थी। मंगलवार दोपहर को मृतक उनैज का शव जब सरोजनी नगर के बेहसा गांव लाया गया तो लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। नाराज लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मोहनलालगंज से सपा सांसद आरके चौधरी भी पहुंचे। परिवार से मुलाकात के बाद कहा- अगर पुलिस ने दो दिन के भीतर सभी आरोपियों को नहीं पकड़ा तो आंदोलन करेंगे। घटना से जुड़ी 4 तस्वीरें देखिए… पिता बोले- बेटे को घर से ले गए, बाद में डेडबॉडी मिली
सरोजनीनगर में रहने वाले जमीर खान इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाते हैं। उनका बेटा उनैज स्टेलामेरी स्कूल में 7वीं कक्षा में पढ़ता था। जमीर ने बताया- कृष्णानगर में बालाजी कॉम्प्लेक्स में रहने वाले संजीव त्रिपाठी के यहां बर्थडे पार्टी थी। उनका बेटा अपने दोस्त के साथ मेरे घर पहुंचा। बेटे को साथ ले जाने लगे, तो मैंने मना कर दिया। लेकिन, लड़के जबरदस्ती उनैज को लेकर चले गए। बेटा भी दोस्ती के नाते चला गया। पिता बोले- कोई माथे पर गोली कैसे खा सकता है?
जमीन खान ने बताया- शाम 7:30 बजे आरोपी के पिता संजीव त्रिपाठी ने मुझे वॉट्सऐप पर फोन किया। मेरे बड़े बेटे उसैद ने फोन उठाया। संजीव ने फोन पर कहा कि तुम्हारा भाई लोकबंधु में है, तुरंत अस्पताल आ जाओ। इसके बाद हम सभी लोग लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। लेकिन, वहां हमें बच्चे से नहीं मिलने दिया गया। कुछ देर बाद पुलिस ने मृत अवस्था में बेटे को दिखाया। उसके माथे के बीच में गोली लगी थी। कोई माथे पर गोली कैसे खा सकता है? उसे कुछ लोगों ने पहले पकड़ा होगा, फिर माथे पर गोली मारी होगी। हत्या को छिपाने की कोशिख की जा रही है। इन लोगों ने रोजे वाले दिन बेटे को मार दिया। मेरा बेटा अंतिम समय में भूखा-प्यासा मर गया। बड़े पापा बोले- अब सब खत्म हो गया…
उनैज के बड़े पापा समीर ने बताया- भतीजे का 2 दिन पहले ही जन्मदिन था। अब सब खत्म हो गया। उनैज पढ़ने में काफी होशियार था। सोमवार को उसके दोस्त घर पहुंचे। साथ चलने को कहने लगे, तो रोजा होने की वजह से उसके पिता ने मना कर दिया। कहा- रोजा है, इस वजह से बेटा तुम लोगों के साथ नहीं जा पाएगा। इस पर दोस्त यह कहकर उसे अपने साथ ले गए कि हम लोग रोजा खुलवा देंगे। हमारे भी कई हिंदू दोस्त हैं। इसलिए हम लोगों को लगा कि जाने देते हैं। बेटे का रोजा ये लोग खुलवा देंगे। भतीजे ने भी कहा कि पापा, मैं नहीं गया तो मेरे दोस्तों को बुरा लगेगा। उसे नहीं पता था कि दोस्त उसे मारने के लिए ले जा रहे हैं। वहीं, चाचा अतीक खान ने बताया- उनैज का हत्यारोपी दोस्त गुड्डू पंडित का भतीजा है। गुड्डू पंडित, ब्रजेश पाठक का साला है। कार से पिस्टल लेकर फ्लैट में गए बच्चे
अपार्टमेंट में रहने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि बच्चे बर्थडे की पार्टी कर रहे थे। कुछ लड़के फ्लैट से निकलकर नीचे पार्किंग में आए। यहां खड़ी कार में काफी देर तक बैठे रहे। कार में लाइसेंसी पिस्टल रखी थी। बच्चे उसे लेकर फ्लैट में वापस चले गए। खेल-खेल में गोली चल गई, जो बच्चे के माथे पर जा लगी। शव देखने उमड़ी भीड़, नारेबाजी की
पुलिस ने मृतक उनैज के शव का मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराया। परिजन शव को लेकर जैसे ही सरोजनी नगर के बेहसा गांव पहुंचे। शव को देखने लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नाराज लोगों ने जमकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। स्थानीय लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़ गए। लोग बोले-जब तक गिरफ्तारी नहीं होगी। शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस की समझाइश के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पड़ोसी बोले- 13 साल के बच्चे की निर्मम हत्या की
पड़ोसी डॉ. सलमान ने कहा- उनैज बहुत ही मासूम और शरीफ बच्चा था। 13 साल के बच्चे की निर्मम हत्या की गई है। उसके माथे पर वार किया गया है। मारने वाले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के रिश्तेदार हैं। हम मोदी-शाह से मांग करते हैं कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। जिस व्यक्ति की पिस्टल है, उसे गिरफ्तार किया जाए। घटना के समय बच्चे के साथ मौजूद लोगों को गिरफ्तार कर उनसे सख्ती से पूछताछ की जाए, जिससे हत्या का सही कारण पता चल सके। सांसद बोले- दो दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी हो
मोहनलालगंज से सपा सांसद आरके चौधरी बेहसा गांव पहुंचे। पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। सांसद ने बताया- मैंने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस को 2 दिन का समय दिया है। अगर गिरफ्तारी नहीं होगी, तो हम आंदोलन करेंगे। DCP निपुण अग्रवाल ने बताया- सोमवार देर शाम सूचना मिली कि 13 साल का लड़का अपने तीन दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में गया था। वहां एक्सीडेंटल फायर की वजह से उसकी मौत हो गई। पार्टी में मौजूद तीनों नाबालिग लड़कों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। मृतक के पिता की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। ———————— ये खबर भी पढ़िए… नौकरानी से शादी क्यों की? कहने पर भाई की हत्या : झांसी में भाभी फरार, पति-भाई के साथ मिलकर लाश दफना दी थी भाई कहता था, नौकरानी से शादी क्यों की? पूरे घर में बेइज्जत कर रहे थे, मैं क्या करता, तो मार डाला। ये कहना है MBA पास भाई तारिक (40) की हत्या करने वाले मशारिक का। वो पुलिस कस्टडी में है, 9 फरवरी की रात को उसने घर के पीछे 5 फीट गहरी कब्र खोदकर शव को दफना दिया था। लाश को गलाने के लिए कब्र में 100kg नमक भी डाल दिया था। मगर यही वो क्लू था, जिससे पुलिस हत्यारे तक पहुंची। क्योंकि जब तारिक लापता हो गया, तब छानबीन में पता चला कि छोटे भाई मशारिक ने 100kg नमक खरीदा है, एक मीडिल क्लास आदमी को इतने नमक की क्या जरूरत पड़ गई? ये पूछने के लिए 19 फरवरी को पुलिस ने मशारिक को थाने बुलाया। (पूरी खबर पढ़िए)