बिजनौर शहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके में मुथूट फिनकॉर्प के एक ब्रांच मैनेजर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक व्यक्ति को पीटते हुए दिख रहे हैं। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित की पहचान लवकुश कुमार पुत्र दिनेश कुमार के रूप में हुई है, जो मुथूट फिनकॉर्प में ब्रांच मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने साथ हुई मारपीट की जानकारी दी है। लवकुश कुमार के अनुसार, यह घटना आज सुबह करीब 9:45 बजे उनके ऑफिस के गेट के सामने हुई। उन्होंने आरोप लगाया है कि सिविल लाइन क्षेत्र के कुछ लोगों ने जान से मारने की नीयत से उनके साथ मारपीट की। पीड़ित ने तहरीर में यह भी बताया कि हमलावरों ने उनके ऑफिस में आकर महिला कर्मियों के साथ बदसलूकी की थी, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसी विरोध के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। बिजनौर शहर कोतवाली थाना प्रभारी राम प्रताप सिंह ने इस संबंध में बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि तहरीर के आधार पर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।