कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में बुधवार रात लगभग 8 बजे एक महिला कुएं में गिर गई। पास से गुजर रहे राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए चायल सीएचसी में भर्ती कराया। महिला की पहचान मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर निवासी बबली पत्नी राजेश कुमार के रूप में हुई है। वह होली के दिन पिपरी थाना क्षेत्र के चायल चौकी अंतर्गत लालापुर गांव में अपनी मौसी की बेटी के गांव सुरेश पुत्र हरी प्रसाद के यहां आई थी। बताया जा रहा है कि बबली का अपने पति राजेश से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। गुस्से में आकर उसने घर के पास ही एक कुएं में छलांग लगा दी। कुएं के पास से गुजर रहे भट्ठे के कर्मचारियों ने महिला के चिल्लाने की आवाज सुनी। पास जाकर देखने पर पता चला कि महिला कुएं में गिरी हुई है और मदद मांग रही है। उन्होंने तुरंत पिपरी थाना क्षेत्र की चायल चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चायल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने महिला को कुएं से बाहर निकाला। गंभीर अवस्था में उसे एम्बुलेंस से चायल सीएचसी ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलने पर महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चौकी प्रभारी चायल मनीष पाल ने बताया कि महिला का इलाज जारी है और उसके परिजन भी अस्पताल में मौजूद हैं।