लखनऊ के गुडंबा थानाक्षेत्र में मामूली कहासुनी के युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। युवक के गले में गहरी चोट आई है। जिसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पूरी घटना घर के पास लगे सीसटीवी में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुडंबा के गुड़ियनपुरवा में बुधवार शाम करीब 5 बजे सोनू नाम के युवक पर पड़ोसी ने बांके से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में सोनू की गर्दन और सिर पर गहरी चोटें आई हैं और वह लहूलुहान होकर गिर गया। घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर सोनू को हमलावर से छुड़ाया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन घायल सोनू को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। घर के पास हुई थी कहासुनी परिजनों ने बताया कि सोनू शाम के समय अपने घर के पास खड़ा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले युवक से उसकी कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपी ने बांके से उस पर लगातार वार कर दिए। सोनू पेशे से खाना बनाने का काम करता है। सोनू के पिता का आरोप है कि करीब चार-पांच लोगों ने बांके से हमला कर लहूलुहान कर दिया। कुछ देर पहले झगड़ा हुआ था। लेकिन दोनों पक्षों में समझौता हो गया। इसके कुछ देर बाद ही हमला कर दिया। सीसीटीवी में कैद हुई वारदात पूरी घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें आरोपी लड़का बांके से हमला करते दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामले में इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभतेश श्रीवास्तव का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और मिली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की तलाश जारी है।