संभल में होली के त्योहार पर हुए एक सड़क हादसे में दो ग्रामीणों की मौत हो गई है। इस दुर्घटना में एक महिला सहित दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे ने बुधवार को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसा तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र के बहटकरन सैतुआ लिंक मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ था। होली का सामान खरीदने बाजार जाते समय दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। इस टक्कर में थाना क्षेत्र के गांव सिंघौली पूर्वी निवासी विजेंद्र (40 वर्षीय) पुत्र महावीर सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। विजेंद्र की बाइक पर पीछे बैठी उनकी पत्नी कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गईं। बुधवार को इसी थाना क्षेत्र के गांव हिरौनी निवासी योगेंद्र सिंह (32 वर्षीय) पुत्र महक सिंह ने इलाज के दौरान अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। योगेंद्र के साथ घायल हुए उनके साथी जगतपाल का अभी भी इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था, जो बुधवार को संपन्न हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव बुधवार शाम करीब 5 बजे उनके गांवों में पहुंचे। मृतक योगेंद्र विवाहित थे और उनके तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ा बेटा 6 साल का है। मृतकों की बाइकों (विजेंद्र की UP38V0669 और योगेंद्र की UP48P4436) को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हुई थी। उन्होंने पुष्टि की कि कल एक ग्रामीण की मौके पर मौत हुई थी और आज दूसरे ग्रामीण की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है और अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।