सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र के फर्दापुर गांव में बुधवार शाम को एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय सियाराम की कच्ची दीवार गिरने से मौत हो गई। वही हादसे में उनकी दो बकरियां भी मलबे में दबकर मर गईं, जबकि तीन अन्य बकरियां घायल हो गईं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार सिया राम अपने घर के पास मौजूद जर्जर कच्ची दीवार के निकट खड़े थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ी। दीवार गिरते ही तेज आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े। मलबे में दबे सिया राम और बकरियों को तत्काल बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल सिया राम को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने सिया राम को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लेते हुए रिपोर्ट तैयार की। मृतक के बड़े भाई काशी राम ने बताया कि प्रशासन की ओर से आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश और समय के साथ दीवार काफी कमजोर हो चुकी थी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजन सदमे में हैं।