सहारनपुर पुलिस को शिवालिक फार्म हाउस पर हुए गोलीकांड और हत्याकांड मामले में बड़ी सफलता मिली है। बुधवार को पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी श्री राजपूत करणी सेना के उत्तराखंड अध्यक्ष शक्ति ठाकुर को अरेस्ट कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की फॉर्च्यूनर कार भी बरामद हुई है। यह घटना 8 फरवरी 2026 को बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के शिवालिक फार्म हाउस में हुई थी। जमीन और प्लॉटिंग के पैसों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान ताबड़तोड़ फायरिंग हुई थी। इस गोलीबारी में साधारण सिर निवासी शिवम राणा की मौत हो गई थी, जबकि मनीष और योगेंद्र नाम के दो युवक गोली लगने से घायल हो गए थे। मामले में थाना बिहारीगढ़ में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से शक्ति ठाकुर फरार चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। वह लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर खुद को बेगुनाह बता रहा था और आत्मसमर्पण करने की बात कह रहा था। बुधवार को बिहारीगढ़ पुलिस ने उसे गणेशपुर से मोहंड की ओर जाने वाले रास्ते पर वन विभाग की चेक पोस्ट के पास से अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में आरोपी शक्ति ठाकुर ने बताया कि देहरादून निवासी सुनील वर्मा और गुरुग्राम निवासी पंकज शर्मा के बीच प्लॉटिंग के पैसों और शिवालिक क्षेत्र में दो बीघा जमीन को लेकर विवाद था। बातचीत के लिए दोनों पक्ष फार्म हाउस पर इकट्ठा हुए थे, लेकिन कहासुनी के बाद मामला हिंसक हो गया। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और वारदात के बाद फरार हो गया था। शक्ति ठाकुर के खिलाफ पहले भी उत्तराखंड राज्य के देहरादून के थाना पटेलनगर में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।