कानपुर में सपा विधायक नसीम सोलंकी ने गुरुवार को फूलों की होली खेली। वह बर्मा सेल की बस्ती में शिव मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने लोगों पर फूल बरसाकर होली की बधाई दी। कहा- पिछले साल भी मैं यहां आई थी, लेकिन इस साल ये (पति इरफान सोलंकी) भी मेरे साथ हैं, तो बहुत खुशी है। उन्होंने कहा- होली में आप लोगों ने बुलाया है। ये आप लोगों की मोहब्बत है, प्यार है। साल के 12 महीनों में जो भी त्योहार आते हैं, आप लोग हमें बुलाते हैं, हम आते हैं। क्योंकि, आप हमारे और हम आपके हैं। हम सब परिवार हैं। पूरी खबर पढ़ें… यूपी में इन 6 प्रत्याशियों के 3 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक, चुनाव आयोग का एक्शन यूपी में 6 प्रत्याशियों के 3 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी गई है। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि यूपी के विधानसभा चुनाव 2022 में लड़ने वाले 6 प्रत्याशियों ने अपने निर्वाचन व्यय की जानकारी नहीं दी। चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को निर्वाचन परिणाम की घोषणा से 30 दिनों के अंदर खर्च के बिल जिला निर्वाचन अधिकारी के पास जमा कराने होते हैं। इन 6 अभ्यर्थियों ने नोटिस मिलने के बाद भी चुनाव आयोग को कारण नहीं बताया था। इन पर हुआ एक्शन 112-बिसौली (अजा) विधानसभा क्षेत्र: प्रज्ञा यशोदा, ग्राम पिसनहारी, पोस्ट-मुडिया धुरेकी, तहसील-बिसौली, जनपद-बदायूं। 112-बिसौली (अजा) विधानसभा क्षेत्र: सुरेंद्र ग्राम-लभारी, पोस्ट-नगरा बारह, तहसील-बिसौली, जनपद-बदायूं। 113-सहसवान विधानसभा क्षेत्र: अनिल कुमार, 23क आजाद रोड, चन्दौसी, जनपद-संभल। 116-शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र: ममता देवी, ग्राम व पोस्ट-सराय पिपरिया, तहसील-दातागंज, जनपद-बदायूं। 117-दातागंज विधानसभा क्षेत्र: ओमवीर, ग्राम-खजुरारा, पुख्ता, तहसील व जनपद-बदायूं। 117-दातागंज विधानसभा क्षेत्र: मुन्नालाल, 16/1 हसनपुर खेवली, पोस्ट-हसनपुर खेवली, जनपद-लखनऊ। विधानसभा चुनाव के लिए संघ सक्रिय, सीएम योगी गाजियाबाद में पश्चिम क्षेत्र की समन्वय बैठक में पहुंचे विधानसभा चुनाव 2027 के चलते राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सक्रिय हो गया है। संघ ने सीएम योगी को विभिन्न विभागों से जुड़ी हुई समस्याओं का समय पर निराकरण कराने की सलाह दी है। योगी ने भी संघ और आनुषांगिक संगठनों के बीच अपनी उपलब्धि बताते हुए उसे जनता के बीच पहुंचाने की जरूरत बताई। दरअसल, आरएसएस की ओर से सीएम योगी के साथ प्रांत स्तर पर समन्वय बैठक का सिलसिला शुरू किया है। इसी के तहत आज गाजियाबाद में पश्चिम क्षेत्र के मेरठ प्रांत की समन्वय बैठक हुई। बैठक में सीएम योगी ने अपने 9 साल की उपलब्धि बताते हुए कहा कि सरकार ने सामाजिक सरोकार, संस्कृतिक राष्ट्रवाद और विचार परिवार के एजेंडे को पूरा किया है। नोएडा में सीएम योगी बोले- कपिल देव की बॉलिग देख पाकिस्तान टीम पहले ही आधा हार जाती थी ‘जब कपिल देव गेंदबाजी करते थे, तो पाकिस्तान की टीम आधा मैच पहले ही हार जाती थी।’ वैसे ही डॉक्टर आत्मविश्वास और सकारात्मक व्यवहार के साथ मरीज का इलाज करें तो बीमारी आधी वहीं समाप्त हो जाती है। दवा और दुआ दोनों मिलकर मरीज को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दिलाती हैं और इससे अस्पताल की प्रतिष्ठा बढ़ती है।’ ये बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में कहीं। सीएम योगी गुरुवार को KDSG सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन करने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर पूर्व क्रिकेटर कपिल देव, सांसद डॉ. महेश शर्मा भी साथ थे। पढ़िए पूरी खबर….. रायबरेली में छेड़छाड़ के आरोपी को महिलाओं ने चप्पल से पीटा, ग्रामीणों ने सड़क पर घसीटा
रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीण महिलाओं ने एक युवक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला हमीर गांव मजरे सेवक का पूर्वा का बताया जा रहा है, जहां महिलाओं ने युवक को सड़क पर घसीटते हुए चप्पलों से पीटा। वीडियो में कई महिलाएं युवक पर लगातार चप्पल बरसाती दिखाई दे रही हैं, जबकि आसपास खड़े लोग उन्हें उकसाते हुए नजर आ रहे हैं। बताया गया कि युवक की पहचान रायपुर मझिगवा निवासी अंसारी उर्फ अंसार अली के रूप में हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वह पहले भी महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार कर चुका था, लेकिन समझाने के बाद भी उसकी हरकतों में सुधार नहीं आया। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी लालगंज अमित सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर सरेनी थाना पुलिस को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पढ़ें पूरी खबर… गोरखपुर में तेज रफ्तार बाइक रोकने पर किसान की पीट-पीटकर हत्या, धूल उड़ाने को लेकर हुआ विवाद गोरखपुर में होली के दिन कुछ दबंगों ने किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी। किसान ने बाइक सवार को गाड़ी धीरे चलाने की सलाह दी थी। जिससे बाइक सवार नाराज हो गया। पहले उसने किसान के साथ गाली-गलौज किया। बात बढ़ने पर उसने फोन कर अपने दोस्तों को मौके पर बुलाया। दबंगों ने पीट-पीटकर किसान को मौत के घाट उतार दिया। मृतक किसान अपने रोहिन नदी के पास अपने खेत देखने गए थे। वहां करहिया गांव का एक युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था, जिससे धूल उड़ रही थी। ज्ञानेंद्र के टोकने पर विवाद बढ़ गया। गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें बागपत में होली पर भाई के सामने युवक की चाकू से गोदकर हत्या, हमलावरों ने ताबड़तोड़ कई वार किए; पांच हिरासत में बागपत के बड़ौत तहसील क्षेत्र में बुधवार देर रात 18 वर्षीय युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। युवक अपने एक दोस्त के बुलाने पर बड़े भाई और कुछ अन्य दोस्तों के साथ तितरोदा गांव गया था। वहां दुकान पर मौजूद एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर मामूली कहासुनी हो गई। जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। हमलावरों ने युवक पर ताबड़तोड़ चाकुओं से कई वार किए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पूरी खबर पढ़ें अलीगढ़ में गुलाल डालने से रोका तो प्लाईवुड कारोबारी के गोदाम पर की फायरिंग अलीगढ़ के खैर कस्बे में गुरुवार शाम गुलाल डालने से मना करने पर बदमाशों ने प्लाईवुड कारोबारी के गोदाम पर फायरिंग कर दी। नई बस्ती निवासी कारोबारी अभिषेक दंगल उर्फ घंसू का एनसीसी स्कूल के पीछे गोदाम है। उनका आरोप है कि शाम करीब 6 बजे कुछ युवक जबरन गुलाल डालने लगे। उन्होंने मना किया तो एक युवक ने धमकी देते हुए फोन किया और थोड़ी देर बाद पांच युवक वहां पहुंचे तथा करीब चार राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। सीओ खैर वरुण कुमार सिंह और थाना प्रभारी हरभान सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में हमलावर नजर आए हैं, जिनकी पहचान के आधार पर तलाश की जा रही है। घटना के बाद व्यापारियों में रोष है, वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर… शामली में होली खेलकर घर में सोया युवक, फिर उठ नहीं पाया, बिस्तर पर लाश मिली शामली के सदर कोतवाली क्षेत्र के बुटराड़ी गांव में होली खेलने के बाद घर लौटे एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह परिजनों ने जब उसे उठाने की कोशिश की तो वह बिस्तर से उठा नहीं। इसके बाद उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सम्राट पुत्र यशपाल सिंह के रूप में हुई है, जो विकास भवन में संविदा पर क्लर्क के पद पर कार्यरत था। परिजनों के मुताबिक, वह होली मनाकर दोस्तों के साथ समय बिताने के बाद घर आया था। ग्रामीणों में चर्चा है कि त्योहार के दौरान उसने अधिक शराब का सेवन किया था, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। हालांकि परिजन फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। सरकारी डॉक्टर बिजेंद्र सिंह ने बताया कि युवक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पढ़ें पूरी खबर…