महोबा में होली पर बच्चों के विवाद में मारपीट:किशोर और युवक घायल, पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी

महोबा शहर के हमीरपुर चुंगी इलाके में होली के दौरान बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। रंग लगाने को लेकर हुई कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक किशोर और एक युवक घायल हो गए। होली के दौरान रंग लगाने को लेकर बच्चों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि किशोर शिवम को कुछ अन्य लड़कों ने धातु के कड़े से मारकर घायल कर दिया। हमले में शिवम के सिर पर गंभीर चोट आई। घायल शिवम घर पहुंचा और अपने माता-पिता योगेश और लाड़कुंवर को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन आरोपियों के घर शिकायत करने पहुंचे, लेकिन वहां विवाद शांत होने के बजाय और बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान भीड़ ने एक युवक को घेर लिया और उसे लात-घूंसों से पीट दिया। घटना का वीडियो सामने आया है। जिसमें कई लोग मिलकर एक युवक के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही उपद्रवी मौके से भाग निकले। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर पूछताछ शुरू कर दी है। घायल किशोर और युवक का चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।