प्रयागराज में होली पर मटका फोड़ प्रतियोगिता आयोजित:मैलहन टीम ने मारी बाजी, होली मिलन समारोह में झूमे लोग

प्रयागराज के फूलपुर क्षेत्र के मैलहन गांव में होली के अवसर पर होली मिलन समारोह एवं मटका फोड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आसपास के कई गांवों से आई टीमों ने उत्साह के साथ भाग लिया। होली के रंग और उल्लास के बीच लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का आयोजन हिमांशु दुबे की ओर से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता गरुड़ पांडेय और पूर्व ब्लॉक प्रमुख घनश्याम दूबे मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें मैलहन गांव की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मटकी फोड़ प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। विजेता टीम को अतिथियों द्वारा सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक उदयभान करवरिया ने फोन के माध्यम से लोगों को होली की शुभकामनाएं दीं और कार्यक्रम की सराहना की। समारोह के दौरान होली के पारंपरिक गीतों पर लोग जमकर झूमे और पूरे माहौल में उत्सव का रंग दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। एसीपी फूलपुर विवेक यादव, थाना प्रभारी फूलपुर शेषमणि पाल समेत पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव, डॉ. पंकज त्रिपाठी, सियाराम मिश्रा, उमाकांत दूबे, श्याम जी दूबे, फूलचंद्र यादव, बजरंगी सोनी समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम देर शाम तक उत्साह और सौहार्द के माहौल में संपन्न हुआ।