कानपुर में पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव:हत्या की आशंका जता रहे परिजन, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

कानपुर नगर के ककवन क्षेत्र के उठ्ठा गांव में गुरुवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नीम के पेड़ से लटका मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे हत्या का अंदेशा बताया है, जबकि पुलिस आत्महत्या की आशंका से भी जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, उठ्ठा गांव निवासी कमलेश (लगभग 60 वर्ष) पुत्र पुत्तीलाल का शव गांव के बाहर एक नीम के पेड़ से अंगौछे के सहारे लटका हुआ था। खेत जा रहे ग्रामीणों ने शव को देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। बुजुर्ग कमलेश की मौत से परिवार में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। थाना प्रभारी जितेंद्र राजपूत कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।