ललितपुर में रेलवे पटरी पर मिला था युवक का शव:पिता ने गांव के ही व्यक्ति पर हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का लगाया आरोप

ललितपुर जिले में दो दिन पहले रेल पटरी पर मिले एक युवक के क्षत-विक्षत शव के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर मारपीट कर हत्या करने और शव को रेल पटरी पर फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम छिपाई की है। मृतक की पहचान विजय अहिरवार (24) पुत्र गेंदा के रूप में हुई है। जो मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि विजय कुछ दिन पहले ही दूसरे शहर से अपने गांव लौटा था। पिता गेंदा के अनुसार, तीन फरवरी की शाम गांव का एक युवक उनके घर आया और विजय से पैसे मांगने लगा। विजय ने बताया कि उसे कंपनी से पैसे मिलने हैं। इस बात को लेकर युवक गाली-गलौज करने लगा और विजय के साथ मारपीट कर दी। परिजनों के बीच-बचाव करने पर आरोपी युवक 15 मिनट बाद लौटने की धमकी देकर वहां से चला गया। परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद विजय घर से यह कहकर निकला कि वह गांव के बाहर तालाब की ओर जा रहा है। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के पास से गुजर रही रेल पटरी के किनारे विजय का क्षत-विक्षत शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को मृतक के पिता गेंदा ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने बताया कि विजय तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। पिता का आरोप है कि विजय और गांव के कुछ युवक मजदूरी के लिए मध्य प्रदेश गए थे, लेकिन कंपनी ने किसी को भी मजदूरी का पैसा नहीं दिया था। इसी पैसे को लेकर हुए विवाद में आरोपी युवक ने विजय की मारपीट कर हत्या कर दी और शव को रेल पटरी पर फेंक दिया। थानाध्यक्ष जखौरा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।